आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फतेहपुर जिला मुख्यालय स्थित जिला क्षय रोग परिसर के अंदर बने रेडक्रॉस सोसायटी के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री पाठक ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव तय समय पर ही होंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है, लेकिन हमारी पूरी तैयारी है। ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जब विपक्षी चुनाव जीतते हैं तो ईवीएम को सही बताते हैं, लेकिन जब वे हारते हैं तो ईवीएम को खराब कहने लगते हैं। यह उनकी दोहरी मानसिकता को दर्शाता है। साथ ही सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में उनका नारा था ‘समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लाट हमारा है’। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें चार बार सरकार बनाने का अवसर दिया। तीन बार पिता को और एक बार बेटे को, फिर भी वे सरकार नहीं बना पाए।
कांग्रेस और गांधी परिवार पर प्रहार करते हुए पाठक ने कहा कि तथाकथित गांधी परिवार का राजनीति से कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश में ओलावृष्टि से लोग परेशान हैं, तब वह 20 दिन की छुट्टी पर अपनी नानी के घर इटली गए हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्ता कोई हस्तांतरित संपत्ति नहीं है जो वसीयत या माता-पिता की मृत्यु के आधार पर मिल जाए, इसे जनता तय करती है।
यह भी पढ़ें- क्या पंडित हैं अवसरवादी?, UP दारोगा भर्ती में पूछे सवाल पर विवाद, ब्रजेश पाठक बोले, कराएंगे जांच
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा के लोग अगर जाति और धर्म के आधार पर वोट न मांगें तो वे एक पार्षद या प्रधान का चुनाव भी नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वे केवल गठजोड़ के आधार पर जाति-धर्म पर वोट मांगते हैं, जबकि भाजपा विकास और काम के नाम पर वोट मांगती है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सपा और कांग्रेस ‘मेंढक की तरह’ बाहर आकर फुदकने लगते हैं।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव,जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू, पूर्व विधायक विक्रम सिंह,पूर्व विधायक आदित्य पांडेय,पूर्व विधायक करन सिंह पटेल सहित तमाम नेता और डीएम व एसपी मौजूद रहे।




















