#DelhiElection: भाजपा ने जारी किया संकल्‍प पत्र, गांव, गरीब, मजदूर, किसान समेत किये दस वादे

संकल्‍प पत्र
संकल्पपत्र जारी करते भाजपा के नेता।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। घोषणापत्र जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कुछ चंद चीजें फ्री में बांटकर दिल्ली का भविष्य नहीं बन सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का कंक्रीट भविष्य बनाने के लिए दूरगामी प्लानिंग लगेगी और वो सोच और विजन भाजपा ने बताई है। उन्होंने कहा कि पार्टी दिल्ली की तकदीर बदल देगी।

गडकरी ने कहा कि हम गांव, गरीब, मजदूर, किसान और देश का भविष्य बदलना चाहते हैं और इसी बात पर भारत सरकार कार्य कर रही है। विश्‍व के सबसे बड़े दिल्ली-मुंबई हाइवे पर हमने कार्य शुरू कर दिया है, ये गुरुग्राम के नजदीक सोहना से शुरू होकर मुंबई तक जाएगा। इस पर एक लाख तीन हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा और आज से तीन साल के अंदर मात्र 12 घंटे में दिल्ली की जनता अपनी गाड़ी से मुंबई पहुंच जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिव्यांग, विधवा, बुजुर्ग और 1984 के दंगा पीड़ितों की पेंशन में वृद्धि की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली विधानसभा: BJP ने जारी की उम्‍मीदवारों की दूसरी लिस्‍ट, केजरीवाल के सामने सुनील यादव

  • महिला सुरक्षा पर केंद्रित ‘रानी लक्ष्मीबाई महिला सुरक्षा’ योजना की शुरुआत की जाएगी।
  • आधुनिक सुविधाएं और मालिकाना हक – अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 40 लाख निवासियों को मालिकाना हक़ देने के बाद इन कॉलोनियों के समुचित विकास के लिए ‘कॉलोनीज डेवलपमेंट बोर्ड’ का गठन किया जाएगा।
  • जल जीवन का संकल्प – दिल्ली को पूरी तरह टैंकर मुक्त बनाकर साल 2024 तक हर घर नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
  • दिल्ली के किसानों को 6,000 रुपए की सम्मान निधि सीधे उनके खाते में दी जाएगी।
  • आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की पहली दो लड़कियों को उनके 21 साल के होने पर दो लाख रुपयों का लाभ मिलेगा।
  • दिल्ली में 10 नए कॉलेज और 200 नए स्कूल शुरू किए जाएंगे।
  • पांच लाख रूपये के मुफ़्त इलाज का लाभ देने वाली प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू किया जाएगा।
  • गरीब विधवा महिलाओं की पुत्री के विवाह पर सरकार 51 हजार रुपए का विशेष उपहार देगी।
  • जिनको गेंहू मिलती है उन्हें 2 रुपये किलो पिसा हुआ आटा मिलेगा।
  • सरकारी कर्मचारी के हितों की रक्षा – दिल्ली के अस्पतालों, सरकारी स्कूलों और अन्य सभी सरकारी निकायों एवं संस्थानों में कार्यरत अनुबंध कर्मचारियों को 58 वर्ष तक कार्य करते रहने की जॉब गारंटी मिलेगी।
  • दिल्ली को पूरी तरह टैंकर मुक्त बनाकर साल 2024 तक हर घर नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।