आरयू वेब टीम। राजस्थान की राजनीति के दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का सोमवार को निधन हो गया। 55 वर्षीय हेम सिंह कई महीने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। भड़ाना अपनी कुशल कार्यशैली और जनता के बीच मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते थे। भड़ाना के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक हेम सिंह भड़ाना करीब पांच महीने से कैंसर से जूझ रहे थे। हाल ही में उन्हें ब्रेन हैमरेज भी हुआ था, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लंबे समय तक गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुधार न होने पर उन्हें घर लाया गया था, जहां आज सुबह करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली।
हेम सिंह भड़ाना का जन्म सात फरवरी 1966 को शिवनारायण भड़ाना के घर हुआ था। वे मूल रूप से भगेरी कला (विधानसभा किशनगढ़ बास, वर्तमान में खैरतल- तिजारा जिला) के रहने वाले थे। उनका राजनीतिक करियर बेहद प्रभावशाली रहा।
यह भी पढ़ें- सांसद पीटी उषा पर टूटा दुखों का पहाड़, पति श्रीनिवासन का हुआ अचानक निधन
वे राजस्थान के 2008-2013 और 2013-2018 विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने अलवर जिले की थानागाजी सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। वसुंधरा राजे सरकार के दौरान वे कैबिनेट मंत्री रहे। उनके पास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, मुद्रण एवं लेखन सामग्री, और मोटर गैराज जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी रही।
यह भी पढ़ें- पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन




















