भाजपा प्रत्‍याशी नितिन अग्रवाल बने UP विधानसभा उपाध्यक्ष

नितिन अग्रवाल
जीत की बधाई स्वीकारते नीतिन अग्रवाल।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा उपाध्‍यक्ष चुनाव में भाजपा द्वारा समर्थित समाजवादी पार्टी के बागी विधायक नितिन अग्रवाल को जीत मिली है।‍ उत्तर प्रदेश विधानसभा में उपाध्यक्ष पद के लिए आज अपरान्‍ह करीब 12 बजे शुरू मतदान हुआ और दोपहर तीन बजे तक चला, जिसके बाद परिणाम घोषित किए गए।

डिप्टी स्पीकर के चुनाव में नितिन अग्रवाल को 304 वोट मिले। वहीं नरेंद्र वर्मा को 60 वोट मिले। इस चुनाव के लिए भाजपा ने जहां सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल को समर्थन दिया था तो सपा ने पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा को मैदान में उतारा। वहीं शिवपाल सिंह यादव और ओमप्रकाश राजभर सदन में नहीं आए और इन दोनों ने ही अपना वोट कास्ट नहीं किया। वहीं ओमप्रकाश राजभर की पार्टी के तीन विधायकों ने ही अपना वोट कास्ट किया है।

यूपी विधानसभा को लगभग 14 साल बाद आज विधानसभा का उपाध्यक्ष मिला है। आखिरी बार साल 2007 में राजेश अग्रवाल यूपी विधानसभा के आखिरी डिप्टी स्पीकर थे। उसके 14 साल बाद यूपी में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के लिए चुनाव हुआ। इसके लिए आज विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया।

यह भी पढ़ें- UP विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नितिन अग्रवाल ने दाखिल किया नामांकन

मतदान शुरू होने से पहले बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने संसदीय परंपरा को तोड़ने का आरोप लगाते हुए सदन से बहिर्गमन किया। विधानसभा में बसपा के 16 विधायक हैं। कांग्रेस ने भी चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार करने का फैसला किया, उसके पास सात विधायक हैं।

वर्तमान में, 403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के 304 विधायक हैं और समाजवादी पार्टी के पास 49 विधायक हैं। भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के नौ विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- स्वतंत्र देव कि भाजपा कार्यकर्ताओं को नसीहत, नेतागिरी का मतलब किसी को लूटना या फॉर्च्यूनर से कुचलना नहीं