लखनऊ में ‘बांबे पावभाजी’ के ठिकानों पर इनकम टैक्‍स की टीम ने मारा छापा

आयकर विभाग

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। जायके के शौकीनों के लिए लखनऊ में पसंदीदा अड्डों में से एक ‘बांबे पावभाजी’ पर रविवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इनकम टैक्स की अलग-अलग टीमों ने पावभाजी संचालकों के कई ठिकानों पर ‘सर्वे’ की प्रक्रिया शुरू की। जिसकी शुरुआती जांच में ही विभाग के हाथ कुछ ऐसे सबूत लगे हैं, जो टैक्स चोरी के संकेत दे रहे हैं।

मिली आनकारी के मुताबिक जांच टीम को सर्वे के दौरान पता चला कि बिक्री का हिसाब-किताब रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ‘पेटपूजा’ सॉफ्टवेयर के जरिए हेराफेरी की जा रही थी। जिसके तहत इस सॉफ्टवेयर की मदद से असल बिक्री के आंकड़ों को छिपाया जाता था, ताकि कागजों पर कमाई कम दिखाई जा सके और टैक्स बचाया जा सके। वहीं आयकर विभाग की टीम संचालकों के अकाउंट्स, कंप्यूटर डेटा और अन्य वित्तीय दस्तावेजों को खंगाला। साथ ही टीम ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये खेल कब से चल रहा था और अब तक कितने की टैक्स चोरी की गई है।

यह भी पढ़ें- कोडीन कफ सिरप कांड: बर्खास्‍त सिपाही आलोक सिंह की आलीशान कोठी समेत ED ने की 25 ठिकानों पर छापेमारी

सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की हैदराबाद इकाई द्वारा किए गए सर्वे के दौरान पेट पूजा के ग्राहकों की बिलिंग गतिविधियों से संबंधित 160 टेरा बाइट से अधिक का बैक एंड डाटा प्राप्त किया गया था। डाटा के विश्लेषण में पता चला कि पेट पूजा द्वारा अपने सॉफ्टवेयर में ग्राहकों को कुछ खास फीचर्स एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका दुरुपयोग बिक्री को कम दिखाने तथा आयकर रिटर्न में टर्नओवर को कम दर्शाने के लिए किया गया।

जब विभाग ने डाटा का विश्लेषण करने के लिए आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया तो 70 हजार करोड़ से अधिक की संभावित कर-चोरी के सुराग मिले। इसके बाद इस सॉफ्टवेयर का उपयोग कर बिलिंग एवं बिक्री रसीदें तैयार करने वाले रेस्टोरेंट्स एवं आउटलेट्स की क्षेत्रवार सूची तैयार की गई।

लिस्ट में राजधानी के हजरतगंज क्षेत्र स्थित एक प्रमुख रेस्टोरेंट बांबे पावभाजी का नाम मिला, जो बिलिंग एवं बिक्री रसीदों के लिए इस सॉफ्टवेयर का उपयोग कर रहा था। इसके आधार पर बांबे पावभाजी के हजरतगंज तथा गोमतीनगर के विभूति खंड स्थित प्रतिष्ठानों पर सर्वे की कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें- बसपा के इकलौते विधायक के गोमतीनगर आवास समेत कई ठिकानों पर IT का छापा