केक काटकर सपा नेताओं ने सादगी से मनाया अखिलेश का 46वां जन्‍मदिन

अखिलेश यादव के 46वें जन्‍मदिन
अखिलेश यादव के जन्ममदिन पर सपा मुख्यालय पर केक काटते वरिष्ठ नेतागण।

आरयू ब्‍यूरो,  लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के 46वें जन्‍मदिन को आज राजधानी लखनऊ में सादगी के साथ मनाया गया। इस मौके पर सपा मुख्‍यालय पर सपा के वरिष्‍ठ नेताओं ने केक काटकर अखिलेश की लंबी उम्र और जीवन में सफलता के लिए कामना की।

वहीं इस अवसर पर आज अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, गरीबों में भोजन व वस्त्र बांटने के साथ ही सपाईयों ने जगह-जगह पौधारोपण के कार्यक्रम भी आयोजित किए।

सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव के जन्मदिन का केक काटे जाने के बाद हिन्दी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने अपनी तीन समसामयिक कविताओं का पाठ किया। पूर्व सीएम के जन्‍मदिन के मौके पर पिछली अखिलेश सरकार के कार्यकाल में जनहित की योजनाएं लागू करने के लिए सराहना की गई।

वक्ताओं ने कहा कि किसानों, गरीबों, के हितों के लिए समाजवादी आंदोलन की अगुवाई करने में अखिलेश यादव पर ही भरोसा है। उनकी शालीनता की सभी प्रशंसा करते है। लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव तथा समाजवादी व्यवस्था को सशक्त बनाने की लड़ाई के लिए समाजवादी पार्टी संकल्पित है।

इस मौके पर सपा नेताओं का कहना था कि  देश में विभाजनकारी नीतियों के चलते तमाम आशंकाए हैं। सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन के लक्ष्य की प्राप्ति तक संघर्ष जारी रहेगा। इस बड़ी लड़ाई को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाने के अभियान में जनभागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान नेता विपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, अरविंद सिंह गोप, विधान परिषद के सदस्‍य अवधेश प्रसाद के अलावा एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, उदयवीर सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, जगजीवन प्रसाद,  राजकुमार मिश्रा, जरीना उस्मानी, ताराचंद्र, प्रदीप तिवारी, बृजेश यादव, मोहम्‍मद एबाद, गीता सिंह, शाश्‍वत जोशी समेत सपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।