‘पंजाब लोक कांग्रेस’ होगा कैप्टन अमरिंदर की नई राजनीतिक पा‍र्टी का नाम

पंजाब लोक कांग्रेस

आरयू वेब टीम। लम्‍बे समय के विवाद के बाद कांग्रेस से अलग हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने नए राजनीतिक दल का नाम घोषित कर दिया है। कैप्टन ने कांग्रेस पार्टी से आधिकारिक तौर पर त्यागपत्र देने के बाद मंगलवार को अपने राजनीतिक दल का नाम सार्वजनिक किया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से बताया गया है कि उनकी पार्टी का नाम ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ होगा। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने इसी दल के साथ मैदान में उतरेंगे।

कैप्टन ने आज अपने राजनीतिक दल का नाम घोषित करने के साथ ही कांग्रेस पार्टी से आधिकारिक तौर पर त्यागपत्र भी दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी छोड़ने की घोषणा की है और साथ में सोनिया गांधी से यह भी कहा है कि पार्टी ने पंजाब में सिद्धू को प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाने का जो फैसला किया है, उसको लेकर एक दिन उन्हें पछताना पड़ेगा।

साथ ही सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कई ऐसी बातें भी लिखी हैं, जिनके जरिए सीधे सोनिया गांधी पर निशाना साधा गया है। उन्होंने लिखा है कि सिद्धू के मामले में दखल देने के बजाय राहुल और प्रियंका गांधी उसको समर्थन देते रहे तथा सोनिया गांधी ने सिद्धू के कपट से आंखे बंद कर लीं।

यह भी पढ़ें- लग रही अटकलों पर अमरिंदर सिंह ने लगाया विराम, कहा कांग्रेस छोड़ रहा, लेकिन नहीं करूंगा BJP ज्वाइन

मालूम हो कि इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 30 अक्टूबर को ही कांग्रेस के साथ पर्दे के पीछे से बातचीत की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि मेल-मिलाप का समय अब खत्म हो गया है और पार्टी छोड़ने का उनका फैसला अंतिम है। सिंह ने दोहराया था कि वह जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे। ऐसे में यह बयान देने के बाद तीसरे दिन ही उन्होंने अपनी पार्टी के नाम का ऐलान कर दिया।

यह भी पढ़ें- नवजोत सिंह सिद्धू ने की आम आदमी पार्टी के नीतियों की जमकर तारीफ, निकाला जाने लगा सियासी मायने