यूपी: चलती स्‍लीपर बस में लगी भीषण आग, खिड़की से कूद यात्रियों ने बचाई जान, ड्राइवर-कंडक्‍टर भागे

स्‍लीपर बस में आग
हादसे के बाद बस उठती भीषण आग की लपटें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में स्‍लीपर बसें लगातार हादसों की वजह बन रहीं हैं। इसी क्रम में मथुरा जिले के यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक हादसा हो गया। चलती स्‍लीपर बस में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच किसी तरह यात्रियों ने खिड़की-दरवाजों से कूदकर जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस बीच बस चालक व कंडक्‍टर यात्रियों को जलती बस में छोड़कर भाग निकलेे।

मिली जानकारी के मुताबिक ये बस बुधवार शाम बांदा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उसमें दो ड्राइवर और एक कंडक्टर था। करीब पांच बजे भोर में बस मथुरा के राया थाना इलाके में पहुंची। यात्री सो रहे थे। यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 110 के पास अचानक तेज धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। देखा तो गाड़ी के अंदर धुआं भरा था।

ड्राइवर ने बस को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया और कंडक्टर के साथ फरार हो गया। कुछ यात्री दरवाजे से बाहर निकले। कुछ ने खिड़कियां तोड़ीं और कूदकर अपनी जान बचाई। बाहर आकर देखा तो बस के पिछले हिस्से में आग लगी हुई थी। ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। बस में रखा यात्रियों का सारा सामान जल गया। वहीं राहगीरों ने पुलिस को दी हादसे की सूचना दी।

टायर फटने से आग लगने का अंदेशा

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि हादसा गुरुवार भोर में 5.15 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के राया थाना क्षेत्र में हुआ। जहां स्लीपर बस (UP 90 AT 8837) बांदा से दिल्ली जा रही थी। इसमें दस महिलाओं और दस बच्चों समेत 30 यात्री सवार थे। थाना प्रभारी रवि भूषण शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बस में बैठाकर भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- स्‍लीपर बस ने किसान पथ को बनाया यात्रियों की मौत का पथ, आग लगने से जिंदा जल गए महिलाओं-बच्‍चों सहित पांच लोग