चीन ने बदली पॉलिसी, अब तीन बच्चे पैदा कर सकेंगे कपल्स, ये है वजह

साजिद मीर

आरयू इंटरनेशनल डेस्‍क। चीन धीरे-धीरे अपनी कठोर बर्थ पॉलिसी में सुधार कर रहा है, जिसने अधिकांश परिवारों को कई वर्षों तक केवल एक ही बच्चे तक सीमित कर दिया था। चीन ने सोमवार को घोषणा की है कि प्रत्येक माता-पिता को तीन बच्चे पैदा करने की अनुमति होगी। चीन ने आबादी की बढ़ती उम्र और देश की दीर्घकालिक आर्थिक संभावनाओं के लिए खतरा पैदा करने वाली घटती जन्म दर को रोकने के लिए यह फैसला किया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के सोमवार को जारी बयान के मुताबिक पोलित ब्यूरो ने इस बात पर भी जोर दिया कि चीन सेवानिवृत्ति की उम्र में डिले के नियम को ठीक से लागू किया जाए। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने की। चीन में जन्म की संख्या 1961 के बाद से सबसे कम हो गई। चीन की घटती जन्म दर का मतलब है कि जनसंख्या जल्द ही घटने लगेगी। अनुमान है कि जनसंख्या वृद्धि में गिरावट से दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश 2025 से पहले पीक पर पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें- हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और देपसांग से पीछे हटने से चीन ने किया इंकार, कहा जितना मिला उतने में खुश रहे भारत

हाल ही में जारी जनगणना के आंकड़ों के अनुसार पिछले दशक में 0.53% की वार्षिक औसत जनसंख्या वृद्धि हुई जो कि 1950 के बाद से सबसे स्लो थी। पूर्वी एशिया और यूरोप में छोटे परिवारों की ओर को प्राथमिकता दी जा रही है। चीन में अधिकांश परिवारों को दो बच्चे पैदा करने की अनुमति देने की पिछली छूट के बाद बर्थ रेट मे वृद्धि अल्पकालिक ही रही। कई पैरेंट्स आवास और शिक्षा की हाई कॉस्ट को इसमें एक फैक्टर बताते हैं। पिछले साल चीन में केवल 1.2  करोड़   बच्चे पैदा हुए थे, जो 1961 के बाद से सबसे कम संख्या है।

यह भी पढ़ें- मालदीव-श्रीलंका के पास हिंद महासागर में गिरा चीनी रॉकेट का मलबा, टला बड़ा खतरा