पुण्यतिथि पर राष्ट्रपिता महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि अपर्ति कर सीएम योगी ने जनता से की बापू के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील

महात्मा गांधी
मौन धारण कर राष्ट्रपिता को याद करते सीएम योगी साथ में उपमुख्यमंत्री व अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर शुक्रवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क पहुंचे। जहां योगी ने जीपीओ में स्थापित राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और बापू को नमन करते हुए मौन रहकर राष्ट्रपिता को याद किया। साथ ही लोगों से अपील करते हुए आज कहा कि आइए बापू के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध व न्‍यायपूर्ण भारत का किया जाए।

वहीं श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने न केवल बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की, बल्कि गांधी प्रतिमा के समक्ष सभी स्कूली बच्चों के साथ फोटो भी खिंचाई।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर बापू को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा, संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। आइए, बापू के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।’

यह भी पढ़ें- जापान में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण कर बोले PM मोदी, ये अहिंसा के विचार को बढ़ाएगी आगे

इस दौरान कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सम्‍मेलन में बोले सीएम योगी, न्याय, समता व बंधुता लोकतंत्र की आत्मा, इन्हें साकार करने का सबसे प्रभावी मंच है विधायिका