मंच से बोले सीएम योगी, “बटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे’ बांग्लादेश में देख रहे हो न क्‍या हो रहा”

बटेंगे तो कटेंगे
लोगों को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, आगरा/लखनऊ। यूपी में विधानसभा उपचुनाव के बीच बांग्लादेश के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आक्रामक नजर आ रहे हैं। आगरा में वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण करते हुए सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा राष्ट्र सर्वोपरि है, राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता है, लेकिन ये तभी संभव होगा, जब हम सब एक साथ रहेंगे। हम बटेंगे तो कटेंगे। बांग्लादेश में देख रहे हो न क्या हो रहा है। ऐसी गलती यहां नहीं होनी चाहिए। एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भारत माता के इस महान सपूत की प्रतिमा लोकार्पण का कार्यक्रम ऐसे समय पर कर रहे हैं, जब काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी के कार्यक्रम चल रहे हैं। हम इतिहास जानते हैं। दुष्ट औरंगजेब का आगरा से भी संबंध था। हिंदू पद पादशाही के नायक शिवाजी ने औरंगजेब को चुनौती दी थी। कहा था तुम चूहे की तरह तड़पते रह जाओगे।

यह भी पढ़ें- उपचुनाव में जीत के लिए मंथन कर सीएम योगी का मंत्रियों को निर्देश, प्रभारी मंत्री हफ्ते में दो रात क्षेत्र में बिताएं

योगी ने आगे कहा राजस्थान में जोधपुर नरेश महाराजा जसवंत सिंह संभाल रहे थे। उनके सेनापति दुर्गादास राठौर थे। कई बार औरंगजेब ने प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका, क्योंकि वहां दुर्गादास राठाैर थे। मगर, औरंगजेब चालबाज था। उसने चाल चली। महाराज जसवंत सिंह से संधि की। साथ ही कहा कि आप हमारा सहयोग करो। अफगानियों का मुकाबला करने के लिए जसवंत सिंह को लेकर चला गया और पीछे से हत्या कर दी। उनका पुत्र अजीत सिंह था। अकेले रह गए। धोखे से पुत्र को मारने का षड़यंत्र रचा।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का अधिकारियों को निर्देश, जेल-थाने में भव्यता व भक्तिभाव से मनें जन्माष्टमी

वीर दुर्गादास राठौर एक सन्यासी के वेश में राजकुमार को लेकर चले गए। बालिग होने पर उनका राज्याभिषेक किया। वीर दुर्गादास राठौर की लड़ाई राष्ट्र, स्वदेश और स्वधर्म के लिए थी। उन्होंने अंतिम दम तक बाल बांका नहीं होने दिया। अजीत सिंह ने वीर दुर्गादास राठौर के सामने प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा। मगर, उन्होंने स्वीकार नहीं किया। जिस देश में दुर्गादास राठौर जैसे वीर पैदा होते हों, उस देश का कोई क्या बिगाड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- नफरत की खेती करने वाली कांग्रेस व नेकां की सियासी जमीन हमेशा के लिए हुई बंजर: CM योगी