सीएम योगी ने साधा विपक्ष पर निशाना, दंगाइयों को गले लगाने वाले नहीं हो सकते उत्‍तर प्रदेश के हितैषी

दंगाइयों को गले लगाने
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दंगाइयों को गले लगाने वाले उत्‍तर प्रदेश के हितैषी नहीं हो सकते। समाजवादी पार्टी और उससे पहले बसपा व कांग्रेस की सरकारों की यही करती थी। अराजकता के लिए इन पार्टियों ने प्रदेश को गिरवी रख दिया था। आज कोई उत्तर प्रदेश में दंगा नहीं कर सकता, अराजकता नहीं फैला सकता। सभी दंगाइयों को मालूम है कि दंगा करेंगे तो सात पीढ़ियां भी भरपाई करते-करते थक जाएंगी। आज माफिया के खिलाफ कार्रवाई होती है तो सबसे अधिक पीड़ा इनके सरपरस्त सपा, बसपा व कांग्रेस को होती है।

योगी आदित्यनाथ गुरुवार को महाराजगंज जनपद के फरेंदा में जन विश्‍वास यात्रा समारोह को संबोधित कर रहे थे। जयपुरिया स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराजगंज जनपद के लिए 437 करोड़ रुपए की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सरकारों को कटघरे में खड़ा करते हुए जनता से यह पूछा कि क्या गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वाले, व्यापारियों का अपहरण करने वाले, दंगाइयों को गले लगाने वाले, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले आपके हितेषी हो सकते हैं?

देश के नागरिकों में सरकार के प्रति था गुस्सा

जनता की ओर से नहीं जवाब मिलने पर सीएम ने पिछली सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकारों के शासन और भाजपा शासन की तुलना कर लोगों को फर्क बताते हुए कहा कि साल 2014 के पहले देश का वातावरण क्या था यह सबको पता है। 2014 के बाद इसमें व्यापक परिवर्तन आया है। 2014 के पूर्व देश में अविश्‍वास, अराजकता, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, उग्रवाद का माहौल था। देश के नागरिकों में सरकार के प्रति गुस्सा था। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश में भाजपा की सरकार बनी तो जन-जन में नेतृत्व के प्रति विश्‍वास जागृत हुआ। वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचा। तमाम हाईवे व एयरपोर्ट बने, जल मार्ग से यातायात शुरू हुआ, रेलवे की सुविधाओं का विस्तार हुआ। विकास के अनेक  कार्य हुए।

यह भी पढ़ें- CM योगी का ऐलान, अनुदेशकों का मानदेय दो हजार रुपये बढ़ा, रसोइयों को साल में दो साड़ी सहित मिलेगा बीमा कवर

इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री जयप्रकाश निषाद, डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल,  विधायकगण बजरंग बहादुर सिंह, जय मंगल कनौजिया, ज्ञानेंद्र सिंह, प्रेम सागर पटेल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह व अन्‍य नेता भी मौजूद रहें।