आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सीजी सिटी में आइएएस अफसरों के लिए तैयार हो रहे सीएसआइ टावर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब 14वें फ्लोर पर जा रही लिफ्ट एकाएक झटके खाते हुए नीचे जा गिरी। घटना के समय लिफ्ट में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार समेत आधा दर्जन लोग थे। गनीमत यह रही कि सातवीं मंजिल से लिफ्ट नीचे आने के बाद भी किसी को चोट लगने की बात सामने नहीं आयी है। निरीक्षण के दौरान हुई इस घटना को बेहद गंभीर मानते हुए वीसी ने लिफ्ट लगाने वाली कंपनी पर मुकदमा दर्ज कराने का चीफ इंजीनियर को निर्देश दिया है। साथ ही पूरे सीएसआइ टावर के काम की निगरानी के लिए प्राधिकरण के सबसे ज्यादा काम निपटाने वाले अधिशासी अभियंता को लगा दिया गया है।
यह था मामला-
बताते चलें कि एलडीए आइएएस अधिकारियों के लिए सीजी सिटी में 14-14 फ्लोर के दो टॉवर बना रहा। करीब नौ साल पहले सीएसआइ टॉवर्स-टू के नाम से शुरू हुआ ये प्रोजेक्ट कई बार अटकने के बाद अब फीनिशिंग की स्टेज में है। पूर्व से तय कार्यक्रम के तहत आज इन्हीं टॉवर्स का निरीक्षण करने एलडीए वीसी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे।
टावर्स के ‘बी’ ब्लॉक का निरीक्षण करने के लिए प्रथमेश कुमार, चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह, अधिक्षण अभियंता नवीनत कुमार शर्मा व अन्य अभियंताओं के साथ 14 वें फ्लोर पर जा रहे थे। लिफ्ट अभी सातवें फ्लोर पर पहुंची थीं कि एकाएक उसमें खराबी आ गयी और वह तेज झटकों और आवाज के साथ नीचे गिरने लगी, यह देख किसी अनहोनी की आशंका से लिफ्ट में मौजूद लोगों की धड़कनें तेज हो गयी। कुछ सेकेंड में ही लिफ्ट सवार लोग सातवीं मंजिल से धरातल पर पहुंच चुके थे, हालांकि अब लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुलने से सभी अंदर ही फंस गए।
दूसरी ओर विभाग के मुखिया समेत लिफ्ट गिरने की घटना की जानकारी लगते ही सीएसआइ टावर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद एलडीए के अन्य इंजीनियर व कर्मी भागते हुए मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में लिफ्ट खोलकर फंसे लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। जिसके बाद सबने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- गोमती नगर विस्तार में सिर्फ करोड़पतियों के लिए 300 फ्लैट बनाएगा एलडीए, गरीब तो दूर मीडिल क्लास को भी नहीं मिलेगी नर्मदा अपार्टमेंट में इंट्री
इस घटना से आक्रोशित प्रथमेश कुमार ने मातहतों को सुधरने की चेतावनी देते हुए ओटिस कंपनी की लिफ्ट लगाने वाली मेसर्स असलम आगा एंड कंपनी के खिलाफ चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह को मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। वीसी के निर्देश के बाद संबंधित जोन एक के इंजीनियर की तरफ से सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली में ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी गयी। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंजीनियरों की कमी व अफसरों की भरमार के बावजूद LDA की हजारों करोड़ की प्रापर्टी नीलाम कराएंगे अधिशासी अभियंता
ठेकेदार पर कार्रवाई करने के साथ ही एलडीए वीसी ने कुछ दिन पहले जोन एक की कमान संभालने वाले अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ के प्रति भी नाराजगी जाहिर की है। साथ ही एलडीए के इतिहास में सबसे ज्यादा अनुरक्षण का काम कराने व कॉमर्शियल प्रापर्टी की नीलामी में अहम भूमिका निभाने वाले विद्युत यांत्रिक के ईई मनोज सागर सीएसआइ टावर्स के साथ ही निर्माणाधीन संस्कृति स्कूल का काम भी देखेंगे। इसके अलावा सीजी सिटी से जुड़े सभी हरियाली के कामों पर उद्यान अधिकारी शशि भारती व स्मारक समिति से आये सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह की निगांह होगी। लिफ्ट गिरने की घटना के बाद आज उपाध्यक्ष ने यह दोनों आदेश भी जारी किया है।
28 करोड़ में बन रहा अर्बन पार्क
वहीं प्रथमेश कुमार ने आज निरीक्षण के बाद बताया कि कैंसर अस्पताल के पास ग्रीन बेल्ट की जमीन पर 28 करोड़ की लागत से अर्बन पार्क विकसित किया जा रहा है। लगभग 20 एकड़ में विकसित हो रहे इस पार्क में लाइब्रेरी भी बन रही। यह शहर की पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी होगी, जिसकी आकर्षक डिजाइन लोगों का ध्यान खींचेगी। पार्क में लगभग 600 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक होगा। इसके अलावा ओपन जिम और बच्चों के लिए किड्स-प्ले एरिया रहेगा। यहां स्पोर्ट्स एरीना भी विकसित किया जाएगा, जिसमें बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट आदि की सुविधा होगी। पार्क में लगभग एक एकड़ में वॉटर बॉडी बनेगी, जिसके कि
यह भी पढ़ें- आम्रपाली निर्माणाधीन बिल्डिंग की गिरी लिफ्ट, चार मजदूरों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल
उपाध्यक्ष ने बताया कि यह पार्क पांच सेंस थीम पर आधारित होगा। जिसके अंतर्गत पार्क में अलग-अलग यंत्र लगाये जाएंगे। जिनके माध्यम से बच्चे दृश्य, स्पर्श, ध्वनि, गंध एवं स्वाद आदि क्रियाओं को महसूस कर सकेंगे। इस पार्क को ‘ गार्डन ऑफ़ फाइव सेंसेज’ के नाम से जाना जाएगा।
डबल बेसमेंट पार्किंग की छत पर भी रहेगी ग्रीनरी
सीजी सिटी में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पीछे बन रही मल्टीलेवल पार्किंग का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। इस डबल बेसमेंट पार्किंग की छत पर ग्रीनरी रहेगी और हॉर्टीकल्चर का कार्य कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग में एक बार में 500 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। उन्होंने योजना में मीडियन पर फूलदार पौधे रोपित करने के निर्देश दिये हैं।
यह भी पढ़ें- अब इन पार्कों व हरियाली के नाम पर अवस्थापना के सौ करोड़ खर्च करेगा LDA
38 करोड़ में बन रहा नाला
सीजी सिटी योजना में जल निकासी के लिए लगभग 38 करोड़ की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने इकाना स्टेडियम व वेटलैंड के पास निर्मित किये जा रहे इस नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत नाले को कवर्ड कराने के निर्देश दिये।




















