आरयू वेब टीम। दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक बार फिर दिल्ली के तीन प्रमुख स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्कूल ने इसकी सूचना पुलिस व सुरक्षा एजेंसी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर जांच शुरू की।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब आठ बजे स्कूल प्रशासन ने धमकी भरा ईमेल देखा और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली कैंट, स्वान पब्लिक स्कूल और मीरा पब्लिक स्कूल जनकपुरी शामिल हैं। सूचना पर दिल्ली पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली गई। बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल भवनों को खाली कराया गया और आसपास के क्षेत्रों को एहतियातन सील कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- अब आर्मी स्कूल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कक्षाओं, बैग, पार्किंग क्षेत्र और खुले स्थानों की विस्तृत जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। पुलिस अब धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें- मोहाली में 16 प्राइवेट स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए गए परिसर




















