बजट से पहले मिली विधानसभा व स्पीकर को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

बम की धमकी

आरयू वेब टीम। दिल्ली सरकार का आज बजट पेश होने वाला है लेकिन उससे पहले ही बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। दिल्ली विधानसभा, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और विधानसभा मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस बार बजट सत्र के संवेदनशील समय पर आने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया है। आनन-फानन में सुरक्षा एजेंसियों मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान प्रशासन का दावा है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को ईमेल आया और 7:28 बजे विधानसभा को ईमेल आया। ईमेल में एलजी तरनजीत संधू, प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, फॉरेन मिनिस्टर जयशंकर और साथ में दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का भी नाम है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी विधानसभा स्पीकर के रूम में जांच करने के लिए पहुंचे हैं।

अध्यक्ष के कार्यालय के अनुसार पहली धमकी सुबह 7.28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ईमेल पते पर आई, जिसके ठीक 21 मिनट बाद सुबह 7.49 बजे अध्यक्ष को एक दूसरा ईमेल मिला। दोनों ईमेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली विधानसभा में और रात 9:11 बजे दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर बम विस्फोट होगा। ईमेल में खालिस्तान जनमत संग्रह का भी जिक्र किया गया था। सूचना पाकर बम स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंचकर अध्यक्ष कार्यालय की जांच में जुटी हुई है। दिल्ली विधानसभा कार्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने भी बम से उड़ने की धमकी भरी मिली मेल की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध बैग में बम की आशंका से मचा हड़कंप

दरअसल बजट सत्र के माहौल में यह धमकी और गंभीर हो गई। सदन में बजट पेश करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन धमकी के कारण कार्यवाही में देरी हुई। स्पीकर कार्यालय ने सत्र का समय आधे घंटे बढ़ा दिया ताकि सुरक्षा जांच पूरी हो सके और सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विधानसभा परिसर में हलचल मची रही। कई विधायकों ने सदन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।