राजधानी में पड़ रही जमा देने वाली ठंड, 1.8 डिग्री तक लुढ़का पारा

ठंड
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। जिसकी वजह से शुक्रवार सुबह का पारा 1.8 डिग्री तक पहुंच गया है। आमजन को इस कड़कड़ाती ठंड से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कड़कड़ाती ठंड व घने कोहरे की वजह से लोगों के व्यवसाय मे काफी प्रभाव पड़ा है तो वहीं राहगीरों की रफ्तार भी धीमी हो गई है ।

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों ठंड का कहर अपने चरम पर है। गुरुवार को 2.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए आज दिल्ली में 1.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। आज दिल्ली के आयानगर का तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह लगातार तीसरे दिन दिल्ली की सुबह कई पहाड़ी राज्यों से भी ठंडी रही।

यह भी पढ़ें- यूपी में बढ़ी गलन-कोहरा, मौसम विभाग ने कहा, हाड़ कंपाने वाली ठंड के लिए रहें तैयार

वहीं चार केंद्रों सफदरजंग, आयानगर, रिज व लोदी रोड में शीत लहर का प्रकोप है। यही नहीं गुरुग्राम का भी तापमान आज तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अभी सात जनवरी तक शीतलहर का अनुमान जताया है। उसके बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात-आठ डिग्री तक पहुंच जाएगा।

यह भी पढ़ें- नए साल पर ठंड का सितम जारी, शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं