नए साल पर ठंड का सितम जारी, शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं

ठंड का सितम
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। उत्तर भारत के तमाम राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी है। नए वर्ष 2023 की शुरुआत हो चुकी है। देश और दुनियाभर में लोग नव वर्ष का जश्‍न मना रहे है। वहीं उत्तर भारत में नए साल के मौके पर कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय तापमान में लगातार गिरावट के साथ ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है। दिल्ली और एनसीआर में तापमान पांच-छह डिग्री तक तापमान गिर गया है। दिल्ली में ठंड बढ़ी है जिसके साथ तेज बह रही हवाओं में राहत मिली है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि नए साल से दिल्ली में ठंड अधिक बढ़ेगी।

दिल्ली में कोल्ड वेव की आशंका मौसम विभाग ने जताई है, जिसका असर तीन से छह जनवरी तक होगा। इन दिनों दिल्ली में हवा में प्रदूषण भी खतरनाक स्तर पर पहुंचा हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर हो रही इस बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ ही नए साल में दो जनवरी से फिर से उत्तरी हवाएं चलेगी। इससे मौसम बदलेगा और रात और दिन के तापमान में भी बदलाव आएंगे। पूरे उत्तर और पश्चिमी भारत के राज्यों में फिर से सर्द हवाएं चलेगी और सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से एक सप्ताह तक सुबह घना कोहरा छाया रहा।

यह भी पढ़ें- यूपी में न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड, दिखने लगा शीतलहर का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं एक से चार जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहेगी। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में अगले दो दिन घना कोहरा छाया रह सकता है। राजस्थान और यूपी में तापमान गिरने की आशंका है और कड़ाके की ठंड और शीतलहरी का असर रहेगा।

यह भी पढ़ें- 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में होगी बारिश, बढ़ेगी ठंड