आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने मंगलवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। रेखा गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। जिसके बाद महिला सभा की महिलाओं ने रेखा गुप्ता से मर्यादाहीन शब्दों का प्रयोग करने के लिए माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने आज रेखा गुप्ता शर्म करो, रेखा गुप्ता इस्तीफा दो, रेखा गुप्ता माफी मांगों की तख्तियां हाथ में लेकर नारेबाजी की, जबकि पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा।
वहीं प्रदर्शन कर रहीं जूही सिंह ने कहा कि भाजपा का दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक विरोधी अलोकतांत्रिक चेहरा आज सभी के सामने स्पष्ट है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज देश के सर्वाधिक लोकप्रिय, जनप्रिय नेता हैं। विकास के अनेक कीर्तिमान उन्होंने अपने कार्यकाल में स्थापित किए हैं। उनका अपमान जनता नहीं सहेगी। साथ ही जूही सिंह ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस का यह अलोकतांत्रिक रवैया है। यह घोर निंदनीय है।
यह भी पढ़ें- भाजपा से ज्यादा नहीं हड़पी किसी ने जमीन, ये है सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी, अखिलेश ने किया दावा
प्रदर्शन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. नेहा यादव, किन्नर पायल सिंह, सुमैया राणा, काजमीन जहां, जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, नगर अध्यक्ष मुन्नी पाल, वंदना चतुर्वेदी, राजबाला रावत, रिंकी सिंह, उषा सेन, सुभांगी द्विवेदी, शर्मिला महाराज, फारूख जहां, महनाज खान, ममता सिंह, वीणा रावत, विजय लक्ष्मी, निकहत सिद्दीकी, जाह्नवी सिंह यादव, पूजा यादव बुंदेलखंडी, रमा यादव, शीला यादव, सरोज यादव, ममता शर्मा, अंजू यादव, अर्चना रावत, कालिंदी भारद्वाज, मनीशा साहा, लता जैसवार, सलमा, मीना यादव, अफसर जहां, सब्बू, शीबा खान आदि सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया।