आरयू ब्यूरो, लखनऊ। जर्मनी दौरे पर गए यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या को वहां से ब्रिटेन का वीजा नहीं मिला है, जिसके कारण उन्हें अपना इंग्लैंड दौरा रद्द करना पड़ा है। वह जर्मनी से अब सीधे लखनऊ लौट रहे हैं। भारत सरकार की ओर से केशव मौर्या को एनओसी दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद ब्रिटेन ने उन्हें वीजा नहीं दिया है।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव मौर्या 23 फरवरी को जर्मनी के दौरे पर रवाना हुए थे। डिप्टी सीएम के साथ आईटी मिनिस्टर सुनील शर्मा भी गए थे। 25 फरवरी तक उन्होंने फ्रैंकफर्ट और न्यूरेम्बर्ग में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ कई अहम समझौते किए। इसके बाद 25 से 27 फरवरी के बीच उनका कार्यक्रम यूनाइटेड किंगडम में निर्धारित था। डिप्टी सीएम के साथ आईटी मंत्री सुनील शर्मा को भी इंग्लैंड दौरे पर जाना था। हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हुआ है कि केशव मौर्या को ब्रिटेन ने वीजा देने से क्यों मना कर दिया है।
दूसरी ओर डिप्टी सीएम को ब्रिटेन का वीजा नहीं मिलने पर उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार या भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। केशव मौर्या और सीएम के प्रदेश लौटने पर इस मामले पर स्थिति स्पष्ट होगी। अब देखना होगा कि भारत सरकार का इस पर क्या रुख रहता है।
यह भी पढ़ें- केशव मौर्य ने कहा गुंडे-माफिया, दंगाई सैफई परिवार के भाई तो शिवपाल ने पूछा आपके ‘परिवार’ ने क्या दिया
उधर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ इस दौरान जापान के दौरे पर हैं। सीएम योगी के जापान दौरे का आज आखिरी दिन है। सीएम ने दावा किया कि इस दौरान 90 हजार करोड़ रुपये के एमओयू मिले हैं, जबकि जापान और यामानाशी में 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। वहीं सिंगापुर में 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू और करीब एक लाख करोड़ रुपये तक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।




















