तेजस्वी यादव ने उपमुख्‍यमंत्री विजय सिन्हा के दो EPIC नंबर पर पूछा कौन कर रहा फर्जीवाड़ा

दो वोटर आइडी
तेजस्वी यादव। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बिहार समेत देशभर में वोटर लिस्ट में गड़‍बड़ी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। तेजस्वी यादव के दो वोटर आइडी का मामला बिहार में चल ही रहा था। अब विजय सिन्हा के नाम पर दो वोटर आइडी का मामला सामने आने से सियासी गलियारों में हलचल है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को दावा किया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास दो एपिक नंबर हैं। वो भी दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का, एक में उम्र 57 साल है और दूसरे में उम्र 60 साल है।

तेजस्वी ने प्रेसवर्ता में आज दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि सिन्हा का नाम लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के प्रारूप में दर्ज है। दोनों की उम्र अलग है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के एप्लीकेशन पर ये ऑनलाइन भी है। तो अब इसमें कौन फर्जीवाड़ा कर रहा है? लोगों को ये पता होना चाहिए। सिर्फ दो ही चीजें हो सकती हैं। या तो चुनाव आयोग की एसआइआर की पूरी प्रक्रिया ही फर्जीवाड़ा है या बिहार के उपमुख्यमंत्री फर्जीवाड़ा हैं। इस दौरान राजद नेता ने सिन्हा के खिलाफ एफआइआर और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूची की विसंगतियों पर स्पष्टीकरण मांगा है।

यह भी पढ़ें- बिहार वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर बोले तेजस्वी, नहीं सुधरे हालात तो खटखटाएंगे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
सबसे बड़े फ्रॉड तो डिप्टी सीएम निकले: कांग्रेस

वहीं कांग्रेस ने भी दावा किया है कि उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के नाम पर दो वोटर आइडी है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर खूब बातें हो रही हैं। कांग्रेस के अनुसार, विजय सिन्हा का नाम दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज है।

बिहार कांग्रेस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट किया है। कांग्रेस ने कहा कि ‘सबसे बड़े फ्रॉड तो डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा निकले। साहब दो जगह के मतदाता हैं, लखीसराय और बांकीपुर, पटना। साहब ने दोनों जगह एसआइआर फॉर्म भी भरा है। दोनों जगह ड्राफ्ट में उनका नाम भी आ गया है।’

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा खुलासा, प्रजेंंटेशन देकर बताया चुनावों में पांच तरीकों से हुआ जनता का वोट चोरी