आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज गाजियाबाद में आयोजित महर्षि कश्यपजी व निषादराज गुह के जन्मोत्सव में शामिल हुए। यहां विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर केशव मौर्या ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए और कुछ दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को दंगों व अपराध के डर से मुक्त कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे शांति व सुरक्षा का वातावरण बना है।
वहीं योगी सरकार की बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्यवाही कर रही तथा प्रदेश को दंगा मुक्त बनाने का कार्य किया गया है।
गरीबों को दिए जाएंगे तीन करोड़ आवास
केशव मौर्या ने आज यह भी कहा कि केंद्र और यूपी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में करीब 60 लाख गरीब व वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। देशभर में चार करोड़ लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया गया है तथा आगामी समय में तीन करोड़ आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
देश के 80 करोड़ लोगों को मिल रहा मुफ्त में राशन
इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश के 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा। इन योजनाओं के संचालन के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए केशव मौर्या ने श्रंगवेरपुर धाम के विकास एवं श्रीराम मन्दिर अयोध्या के निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम, जो निषादराज की राजधानी रहा है, वहां 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
यह भी पढ़ें- बाल-बाल बचे केशव प्रसाद मौर्या, हेलिकॉप्टर में धुआं भरने से मचा हड़कंप, अमौसी एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
आज के कार्यक्रम का आयोजन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में किया गया। उप मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अब क्षेत्रीय न रहकर राष्ट्रीय स्वरूप ले रहा, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से लोग सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान महर्षि कश्यप के जीवन, उनके ज्ञान एवं दर्शन पर भी प्रकाश डाला गया तथा समाज में उनके योगदान को स्मरण किया गया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायकगण अजीत पाल त्यागी, संजीव शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अन्य मौजूद रहें।




















