आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गैस किल्लत को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। आप के प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा है कि सूबे की यूपी के हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि राजधानी लखनऊ के 300 से अधिक स्कूलों में 22 हजार से बच्चों का मिड-डे मील कई हफ्तों से बंद है, लेकिन योगी सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।
गोमतीनगर स्थित आप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आप प्रवक्ता ने तर्क देते हुए आगे कहा कि इन स्कूलों के बच्चे गरीब परिवारों से आते हैं, भाजपा नेताओं के घरों से नहीं, इसलिए सरकार को इनकी चिंता नहीं है। स्थिति यह है कि शिक्षकों को अपने घरों से सिलेंडर लाकर स्कूलों में देना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक दबाव और सरकार की नाकामी को उजागर करता है।
स्कूलों में गैस की आपूर्ति तुरंत…
आप नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि योगी सरकार तुरंत स्कूलों में गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि मिड-डे मील दोबारा शुरू हो सके और गरीब बच्चों को उनका अधिकार मिल सके।
थाली और खाली गैस सिलेंडर बजाकर…
मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने प्रेसवार्ता के दौरान अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने थाली और खाली गैस सिलेंडर बजाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि जब कोरोना काल में थाली बजाने का संदेश दिया गया था, तो आज गैस संकट के समय भी उसी प्रतीक के जरिए सरकार को जगाने की जरूरत है। आप प्रवक्ता ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि उस दर्द और हताशा की आवाज है, जो आज हर उस परिवार में गूंज रही जहां चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें- गैस की किल्लत पर बोले केजरीवाल, PM मोदी ने की बड़ी गलती, सीधे ईरान के खिलाफ हुए खड़े
वंशराज ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की 60 प्रतिशत तेल आपूर्ति हार्मुज़ से होती है, जो ईरान से जुड़ा हुआ लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और इजराइल के दबाव में ईरान से रिश्ते खराब कर लिए, जिसका खामियाजा आज देश की जनता गैस संकट के रूप में भुगत रही, उन्होंने कहा कि यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है।




















