पैदल चलने वालों के लिए गोमती नदी पर बनेगा स्‍माइलिंग ब्रिज, शासन ने दी मंजूरी, जानें इससे जुड़ी खास बातें

स्‍माइलिंग ब्रिज
बनने पर कुछ इस तरह नजर आयेगा ब्रिज।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। गोमती नदी पर पैदल चलने के लिए बनने वाले पेडेस्टियन ब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 54 करोड़ की लागत से बनने वाले इस 180 मीटर लंबे स्‍माइलिंग ब्रिज के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। ब्रिज का निर्माण 18 महीने में पूरा होगा, जिसके लिए शासन ने पहली किश्त के तौर पर 18.90 करोड़ भी स्वीकृत कर दिया है। ‘मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं’ की थीम पर बनने वाला यह पेडेस्ट्रियन ब्रिज लखनऊ को नयी पहचान देगा।

अटल ब्रिज की तर्ज पर बनेगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अहमदाबाद (साबरमती नदी) के अटल ब्रिज की तर्ज पर गोमती नदी पर एडीसीपी ऑफिस के पास पेडेस्ट्रियन ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जोकि रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा।

देश के 25 आर्किटेक्‍ट ने लिया हिस्‍सा

वीसी ने बताया कि ब्रिज की डिजाइन अनूठी व बेहद खास हो, इसके लिए आर्किटेक्ट डिजाइन कॉम्पटीशन आयोजित कराया गया था। इस प्रतियोगिता में देशभर से 25 आर्किटेक्ट संस्थाओं ने हिस्सा लेते हुए ब्रिज की ड्राइंग-डिजाइन भेजे थे। जिसमें से ज्यूरी पैनल ने मुंबई की संस्था ‘आरवैम्प स्टूडियो’ की डिजाइन को चयनित किया। जिसके आधार पर पेडेस्ट्रियन ब्रिज बनेगा।

यह भी पढ़ें- 165 साल पुराने रिफा-ए-आम क्‍लब को LDA ने JCB चलाकर कराया गरीबों के कब्‍जे से आजाद, प्राइवेट कंपनी को साथ मिला करेगा कमाई

स्‍माइलिंग ब्रिज के बनने से गोमती नदी के दायें किनारे पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वॉटर स्पोर्ट्स आदि गतिविधियों की उपयोगिता भी बढ़ेगी।

12 मीटर होगी ब्रिज की चौड़ाई

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि नदी पर यह ब्रिज 180 मीटर लंबा होगा। जबकि, रैम्प और प्लेटफार्म मिलाकर इसकी लंबाई 380 मीटर होगी। लोग आसानी से चहलकदमी कर सके, इसके लिए ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी।

13 पीयर्स संभालेंगे स्ट्रक्चर 

वहीं ब्रिज के स्ट्रक्चर को संभालने के लिए 13 पीयर्स बनाए जाएंगे। पुल के तल पर 30 मीटर और 40 मीटर चौड़े स्पैन प्लेट गर्डर्स दिये जाएंगे, जहां लोग खड़े होकर नदी का नजारा देख सकेंगे। इसके अलावा स्टील ट्यूबलर सेक्शन से ब्रिज के किनारों की संरचना की जाएगी।

गोमती पर खड़ा होकर मुस्‍कुराएगा ब्रिज

पेडेस्ट्रियन ब्रिज ‘मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं’ की स्माइलिंग थीम पर होगा, जिसकी झलक इसकी डिजाइन में भी दिखेगी। पुल की सतह पर स्टाम्प कंक्रीटिंग, जीआरसी पैनल, ग्रेनाइट, एसीपी पैनल का काम कराया जाएगा। इसके अलावा टेन्साइल स्ट्रक्चर से रूफिंग की जाएगी। पुल पर स्ट्रीट लाइट्स, बोलार्ड लाइट्स व फ्लोर लाइट्स लगवायी जाएंगी, जिससे रात के समय पर्याप्त रोशनी के साथ पुल की सुंदर आकृति दिखेगी।

प्रथमेश कुमार ने बताया कि ब्रिज के निर्माण में लगभग 54 करोड़ खर्च होंगे। शासन ने परियोजना पर मुहर लगाते हुए पहली किश्त के रूप में 18.90 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह भी पढ़ें- कुकरैल किनारे अब एलडीए बनाएगा उर्मिला वन, छोटे इमामबाड़े का गेट संवारने में खर्च करेगा छह करोड़