आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ- सोनभद्र समेत कई ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापेमारी की है। जिसमें लखनऊ में उमाशंकर का आवास और सोनभद्र के ठिकानों के अलावा बलिया स्थित आवास और ऑफिस शामिल है। इस दौरान विधायक आवास के बाहर फोर्स को भी तैनात किया गया है। छापेमारी में आयकर विभाग की बड़ी टीम शामिल हैं। आइटी की टीम विधायक के आवास के अंदर फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ-साथ रिकॉर्ड्स भी खंगाल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान उमाशंकर सिंह के आवास के बाहर भारी फोर्स को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि उमाशंकर कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। उनके अब तक दो ऑपरेशन हो चुके हैं। लखनऊ के गोमतीनगर में ही बीएसपी नेता का आवास और दफ्तर है। आईटी टीम की छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के भी आने जाने पर रोक लगा दी गई है। घर में मौजूद किसी भी शख्स को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। आइटी टीम ने विधायक के आवास और ऑफिस को घेर रखा है।
वहीं सोनभद्र में भी आयकर टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। करीब 25 गाड़ियों के काफिले से आईटी टीम सोनभद्र पहुंची। टीम यहां पर करीब आधा दर्जन व्यापारियों के घर पर छापेमारी की है। ये सभी खनन से जुड़े हुए हैं। छापेमारी के लिए आईटी की टीम में 60 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- कोडीन कफ सिरप कांड: बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की आलीशान कोठी समेत ED ने की 25 ठिकानों पर छापेमारी
दरअसल विधायक उमाशंकर सिंह करीब 11 महीने पहले आय से अधिक संपत्ति के मामले में चर्चा में आए थे। तब उनके खिलाफ सतर्कता विभाग ने जांच शुरू की थी। सतर्कता विभाग ने उनके साथ ही उनकी पत्नी पुष्पा, बेटे युकेश और बेटी यामिनी के नाम पर खरीदी गई कई संपत्तियों का ब्योरा जुटाना शुरू किया था। इसमें जमीन, मकान और फ्लैट के साथ-साथ व्यावसायिक और खेती से जुड़ी संपत्तियां शामिल थीं। जांच के तहत सतर्कता विभाग ने प्रयागराज के आईजी को पत्र लिखकर संपत्तियों के डिटेल मांगी थी। इसके बाद आईजी ने संबंधित विभागों को जानकारी देने के निर्देश दिए थे। वाराणसी के उप-निबंधन कार्यालयों से भी रिकॉर्ड जुटाया गया।
बता दें कि बीएसपी नेता उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। उमाशंकर लगातार तीन बार से यहां से विधायक हैं। उन्होंने पहली बार इस सीट पर साल 2012 में बीएसपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति कन्स्ट्रक्शन्स नाम की कंपनी है। यह कंपनी रोड कन्स्ट्रक्शन्स का काम करती है। माइनिंग सेक्टर में भी उमाशंकर की कंपनी काम करती है। इसके अलावा वह स्कूल और होटल इंडस्ट्री में भी हैं। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
यह भी पढ़ें- सपा नेता के लखनऊ-गोरखपुर समेत दस ठिकानों पर ED की छापेमारी के बाद विनय शंकर गिरफ्तार




















