आरयू वेब टीम। गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का हार्ट अटैक से निधन हो गया। पारिजनों ने बताया कि 79 वर्षीय नाइक को उनके गृहनगर पोंडा में दिल का दौरा पड़ा था। नाइक का गृहनगर पणजी से 30 किलोमीटर दूर है। पूर्व सीएम के निधन की खबर से राजनीति गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक रवि नाइक का घर गोवा की राजधानी पणजी से 30 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा, तो वो अपने घर पर ही थे। आनन-फानन में उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां देर रात को एक बजे के आस-पास डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नाइक का पार्थिव शरीर पोंडा के खड़पाबांध स्थित उनके आवास पर लाया गया, जहां भारी संख्या में लोग पूर्व सीएम श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।
नाइक महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी), कांग्रेस और भाजपा सहित कई दलों के उम्मीदवार के रूप में सात बार (छह बार पोंडा विधानसभा क्षेत्र से और एक बार मरकाइम विधानसभा क्षेत्र से) विधायक रहे। वह पहली बार 1984 में एमजीपी के टिकट पर पोंडा विधानसभा क्षेत्र से राज्य विधानसभा के लिए चुने गए और 1989 में उन्होंने मरकाइम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। नाइक 1999, 2002, 2007 और 2017 में कांग्रेस के टिकट पर और 2022 में भाजपा के टिकट पर पोंडा विधानसभा क्षेत्र से लगातार निर्वाचित हुए।
यह भी पढ़ें- दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, AIIMS में ली अंतिम सांस
नाइक दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार उन्होंने जनवरी 1991 से मई 1993 तक प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चे की गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया। वह 1994 में गोवा के सबसे कम समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बने। उनका कार्यकाल उस वर्ष दो अप्रैल से आठ अप्रैल तक केवल छह दिनों का रहा। नाइक 1998 में उत्तरी गोवा से संसद सदस्य भी थे।