अब वाराणसी कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

बम की धमकी
कचहरी में जांच करती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, वाराणसी। यूपी समेत देशभर में बम धमाके की धमकी देने वालों ने लोगों को परेशान कर रखा है। आज इसी क्रम में वाराणसी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद हड़कंप मच गया। एहतियातन कचहरी परिसर को अधिवक्‍ताओं समेत सभी से खाली कराया गया। दो सौ पुलिसकर्मी पूरे परिसर को खंगालते रहें, हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी नहीं हुई।

दरअसल कचहरी पहले ही आतंकी हमले से दहल चुकी है। पुलिस के मुताबिक, जिला न्यायालय प्रशासन को एक अज्ञात ईमेल आईडी से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में कचहरी परिसर में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को अवगत कराया।

सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिसबल कचहरी परिसर में तैनात कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी मौके पर बुलाया गई है। सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन चेकिंग की जा रही है। परिसर में आने-जाने वाले लोगों की घंटों जांच की गयी।

यह भी पढ़ें- राजधानी के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

साथ ही पुलिस की साइबर टीम ईमेल की तकनीकी जांच में जुट गई है। ईमेल किस स्थान से और किस व्यक्ति द्वारा भेजा गया, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरूआती जांच में मेल की लोकेशन साउथ इंडिया के शहर की मिली है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किया गया।

यह भी पढ़ें- UP: कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मची अफरा-तफरी, जांच शुरू