अब मसूरी में नगर पालिका परिषद व प्रशासन को मिली बम से उड़ाने की धमकी

आरयू वेब टीम। विभिन्न संस्थाओं को बम से उड़ाने की धमकी में एक और नाम जुड़ गया है। इस बार मसूरी में नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत देहरादून और दिल्ली के कई सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में आ गया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक नगर पालिका परिषद मसूरी और उपजिलाधिकारी कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ। मेल कथित रूप से खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है, जिसमें नगर पालिका कार्यालय, देहरादून और दिल्ली के कुछ महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। प्राप्त ई-मेल में आपत्तिजनक और उकसाऊ भाषा का प्रयोग करते हुए कई स्थानों पर विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

इस मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी। नगर पालिका कार्यालय के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

वहीं कथित रूप से खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गए इस मेल में नगर पालिका कार्यालय, देहरादून और दिल्ली के कुछ महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि मसूरी नगर पालिका से संबंधित एक ई-मेल प्राप्त हुआ है। जिसमें बम विस्फोट की धमकी दी गई है।

यह भी पढ़ें- ब्लास्ट के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए गए हैं और नगर पालिका परिसर समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है कहा की धमकी भरे मेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- जिला अदालत में बम की धमकी, खाली कराया गया परिसर