15 युवाओं की जान लेने वाले अग्निकांड पर प्रधानमंत्री-राहुल गांधी व सीएम योगी ने जताया दुख, कही ये बातें

अलीगंज अग्निकांड
कोचिंग सेंटर से उठती आग की लपटें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में अब तक 15 छात्रों की मौत हो चुकी है। इसकी खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सीएम योगी समेत अन्य नेताओं ने दुख जताया है। इस दौरान पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान क‍िया है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने की घोषणा के साथ घायलों के जल्‍द से जल्‍द ठीक होने की प्रार्थना की

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त कर कहा कि “लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”

दूसरी ओर सीएम योगी ने केजीएमयू में पीड़ितों के परिजनों से बात की। सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि एक भी जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शेंगे नहीं। पीड़ित परिजनों से सीएम ने कहा कि हर एक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। सीएम ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया है।

ईमानदारी से हो जांच

साथ ही अग्निकांड पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी दुख जताया है। सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि “लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है, इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।”

मायावती ने जताया दुख

इसके अलावा लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड पर बसपा प्रमुख मायावती ने गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि यह हादसा दिल दहला देने वाला है और कई परिवारों की उम्मीदों को बिखेर गया, मायावती ने कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा, सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।

यह भी पढ़ें- अब हजरतगंज के कोचिंग सेंटर में लगी आग, छात्रों को किया गया रेसक्यू

बता दें कि अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई, जिसमें 15 छात्रों की मौत हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ऊपर की मंजिलों पर फंसे युवाओं ने जान बचाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े। कुछ ने नीचे खड़े लोगों की मदद से छलांग लगाई तो कुछ ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत से बाहर निकलने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का दावा है कि आग लगने के बाद काफी देर तक राहत नहीं पहुंची। एक चश्मदीद ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ियां करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। तब तक आग पेट शॉप और ऊपर बने गेमिंग जोन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी।

यह भी पढ़ें- अलीगंज की चार मजिंला अवैध बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 15 छात्रों की दर्दनाक मौत, कुछ ने कूदकर बचाई जान, नौ घायल