आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के मशहूर गुलमर्ग रोपवे में सोमवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे सैकड़ों पर्यटक बीच हवा में फंस गए। जानकारी के मुताबिक करीब 300 लोग रोपवे के केबिन में मौजूद थे। रोपवे अचानक रुकने से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई पर्यटक डर के कारण चीखने-चिल्लाने लगे। जिसके बाद सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि रोपवे में तकनीकी समस्या आने के बाद उसके केबिन बीच रास्ते में ही रुक गए। उस समय बड़ी संख्या में पर्यटक रोपवे का आनंद ले रहे थे। घटना के बाद पर्यटकों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। बचाव कार्य में सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं। टीमें रोपवे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में जबरदस्त ठंड, डल झील-जलाशय जमे
इस संबंध में उमर अब्दुल्ला ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की और कहा कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। गुलमर्ग गोंडोला देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक माना जाता है। यहां हर साल हजारों पर्यटक घूमने और बर्फीले नजारों का आनंद लेने पहुंचते हैं।
