हरियाणा चुनाव के बीच भाजपा को झटका, अशोक तंवर ने कांग्रेस में की घर वापसी

अशोक तंवर

आरयू वेब टीम। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मौजूदगी में अशोक तंवर ने कांग्रेस में घर वापसी की है। महेंद्रगढ़ जिले के गांव बवानिया में राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता हासिल की। राहुल गांधी ने अशोक तंवर का पटका पहनाकर स्वागत किया।

अशोक तंवर ने राहुल गांधी की जनसभा के दौरान ही कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज़ उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर आज भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में भाजपा की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक श्री अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए। दलितों के हक की लड़ाई को आपके आने से और मजबूती मिलेगी। कांग्रेस परिवार में आपका पुनः स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।“

अशोक तंवर के इस फैसले ने सभी को चौंका दिया है। दरअसल, राहुल गांधी से मिलने से पहले अशोक तंवरनलवा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रंधीर के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। इस बाबत उन्होंने अपने एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा नलवा विधानसभा क्षेत्र से भाजापा प्रत्याशी रंधीर पनिहार जी के पक्ष में गत दिवस आयोजित रैली को संबोधित किया। रणधीर जी भारी मतों से जीतेंगे व तीसरी बार हरियाणा में नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बनेगी।“।“हालांकि, इस राजनीतिक हलचल पर भाजपा की ओर से कोई भी बयान सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्टो, OPS बहाली, महिलाओं को दो हजार रुपये देने समेत किए कई वादे

अशोक तंवर कांग्रेस की टिकट पर साल 2009 से 2014 तक लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। हालांकि, उसके बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और फिर भाजपा का हिस्सा रहे। साल 2024 में वो भाजपा के टिकट पर सिरसा से लोकसभा चुनाव भी लड़े, लेकिन जीत नहीं पाए। अब वापस अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। मतदान से दो दिन पहले अशोक तंवर का ये कदम भाजपा के लिए काफी चौंकाने वाला होगा।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नेताओं पर भड़की कांग्रेस, दर्ज कराई शिकायत