JNU में छात्रों पर हुए हमले के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

मुकेश सिंह चौहान
जीपीओ पर प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नई दिल्‍ली के जेएनयू में रविवार की रात छात्र-छात्रओं पर हुए घातक हमले के विरोध में देश भर के लोगों में सोमवार को रोष देखने को मिला। इसी क्रम में आज कांग्रेस ने सूबे की राजधानी लखनऊ में जेएनयू हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू के निर्देश पर हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के समीप जुटे कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने भाजपा विरोधी नारेबाजी करते हुए घटना पर अपना गुस्‍सा जाहिर किया।

यह भी पढ़ें- मास्क लगाए बदमाशों का JNU कैंपस में छात्रों, शिक्षकों पर हमला, यूनियन प्रेसीडेंट सहित कई घायल

इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्‍व कर रहे कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि अपने हक के लिए आवाज उठाने वालों को भाजपा सरकार लाठी-डंडे व पुलिस के दम पर आलोकतांत्रिक तरीके से कुचलने का काम कर रही है।

मुकेश ने कल की घटना के लिए सीधे तौर पर भाजपा की छात्र ईकाई एबीवीपी को जिम्‍मेदार ठहराते हुए कहा कि कल एबीवीपी के नकाबपोश गुण्डों ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को छात्रावास एवं परिसर में घुसकर पीटा, लोगों को एम्स में भर्ती कराना पड़ा, यह देश के लिए काला दिन है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ पूरी मजबूती से भाजपा सरकार से लड़ेंगी।

यह भी पढ़ें- JNU हमले पर बोले राहुल, विद्यार्थियों की आवाज से डरती हैं फासीवादी ताकतें, घायलों से एम्‍स में मिली प्रियंका

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ला, सरोज शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संपूर्णानंद मिश्र, बृजेंद्र कुमार सिंह, अंशू अवस्थी, अरशी रजा, दिलप्रीत सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी, संजय सिंह, कैप्टन एसजेएस मक्कड़, पूर्व पार्षद रविशंकर मिश्रा रफत फातिमा, सिद्धि श्री, बीडी सिंह, आयाज खान अच्‍छू, अख्तर समेत कांग्रेस के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: CAA प्रदर्शन में घायल व मृतक के परिजनों से मुलाकात कर प्रियंका ने कहा, न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी कांग्रेस