पूर्व विधायक समेत पांच नेताओं पर गिरी गाज, कांग्रेस से किया बाहर

कांग्रेस

आरयू वेब टीम। हरियाणा निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक समेत पांच नेताओं को तत्काल प्रभाव से बाहर कर दिया है। अब ये नेता अगले छह सालों तक पार्टी में शामिल नहीं हो सकते हैं। इसमें पटौदी के पूर्व विधायक रामबीर सिंह, फरीदाबाद के विजय कौशिक, फरीदाबाद के वार्ड 36 से राहुल चौधरी, फरीदाबाद के वार्ड 36 से पूजा रानी और उनके पति रूपेश मलिक हैं।

कांग्रेस ने एक आधिकारिक घोषणा के जरिए इसकी जानकारी मीडिया को जानकारी दी है। कांग्रेस ने बताया कि नगर निगम चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिली थीं। इन रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद पार्टी ने यह फैसला लिया है। दरअसल हरियाणा में पानीपत को छोड़कर दो मार्च को निकाय चुनाव के लिए वोटिंग की जाएगी। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस समेत सभी पार्टियां अपना पूरा जोर लगा रही हैं।

मालूम हो कि फरीदाबाद के वार्ड नंबर-36 से कांग्रेस ने राहुल चौधरी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन आखिरी मौके पर उसने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा को समर्थन दे दिया। इसके अलावा दूसरे उम्मीदवारों ने भी नामांकन वापस ले लिया, जिससे बीजेपी पार्षद प्रत्याशी कुलदीप साहनी बिना वोटिंग के ही जीत गए।

यह भी पढ़ें- ट्रेन हो या प्लेन, हर जगह यात्री परेशान शिवराज चौहान के मामले पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

बता दें कि पूर्व विधायक रामबीर सिंह हरियाणा शिक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन भी रह चुके हैं। कांग्रेस पार्टी से उन्होंने 15 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले विधानसभा चुनाव में वह अपनी बहू के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने पर्ल चौधरी को मैदान में उतार दिया था। रामबीर सिंह ने बताया था कि कांग्रेस पार्टी में बहुत ज्यादा गुटबाजी है। विधानसभा चुनाव में पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के दामाद के नाम आगे बढ़ाया गया और फिर स्थानीय उम्मीदवार को छोड़कर दूसरे को टिकट दे दी। जिसके चलते पटौदी में कांग्रेस की बुरी हार का सामना करना पड़ा था

यह भी पढ़ें- निर्वासित भारतीयों के मामले पर संसद में हंगामा, कांग्रेस ने कहा, अमेरिका ने बेड़ियों में जकड़कर भेजा