हेमंत सोरेन ने ली झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ, राहुल-ममता, स्टालिन, तेजस्वी हुए शामिल

हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हेमंत सोरेन।

आरयू वेब टीम। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। साथ ही मंत्रिमंडल के सहयोगी के रूप में कांग्रेस के दो और राष्ट्रीय जनता दल के एक विधायक ने भी शपथ ली। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी दलों के तमाम दिग्‍‍‍‍गज नेताओं ने भी शिरकत की।

शपथ के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दोनों को कांग्रेस आलाकमान की ओर से संदेश दे दिया गया था। साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद का शपथ ली।

हेमंत सोरेन
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल विभिन्न पार्टियों के दिग्गज नेता।

रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, आप सांसद संजय सिंह, डीएमके नेता एमके स्टालिन व लेफ्ट के कई नेताओं समेत विपक्षी दलों के तमाम नेताओं ने शिरकत की।

यह भी पढ़ें- झारखंड में महागठबंधन की जीत पर बोले हेमंत सोरेन, राज्‍य गठन का उद्देश्‍य पूरा करने का आ गया समय

गौरतलब है कि शपथ ग्रहण समारोह में हेमंत ने कई नेताओं को फोन कर कार्यक्रम में आने का न्योता दिया था। वहीं विधानसभा चुनाव की तैयारियों में व्यस्त होने की वजह से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वहां नहीं पहुंच सके। जिसके बाद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद संजय सिंह को समारोह में भेजा।

यह भी पढ़ें- अब झारखंड में JMM-कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा से छीनी सत्ता, जानें किसी मिली कितनी सीट

यहां बताते चलें कि झारखंड विधानसभा चुनाव में 81 सीटों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में बने जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन ने 47 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इस चुनाव में भाजपा को मात्र 25 सीटें हासिल हुईं थी।

यह भी पढ़ें- झारखंड में बीजेपी की हार पर अमित शाह ने कहा, हम जनादेश का करतें हैं सम्‍मान, CM रधुवर दास ने भी दिया इस्‍तीफा