जस्टिस अमजद ए सईद बने हिमाचल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश

हिमाचल हाई कोर्ट
राज्यपाल के साथ जस्टिस अमजद ए सईद।

आरयू वेब टीम। जस्टिस अमजद ए सईद हिमाचल हाई कोर्ट के 27 वें मुख्य न्यायधीश बनाए गए हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के राजभवन में राज्यपाल ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। हिमाचल के मुख्‍यमंत्री ने नए मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया है और साथ मिलकर प्रदेश के लिए काम करने की बात कही है।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर जस्टिस अमजद ए सईद हिमाचल के मुख्य न्यायधीश बने हैं। गुरुवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस अमजद ए सईद ने हिमाचल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की शपथ ली। अमजद ए सईद हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के 27 वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं। राजभवन शिमला में सुबह साढ़े नौ बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जस्टिस अमजद 21 जनवरी, 2023 तक हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।

शपथ ग्रहण के बाद मुख्य न्यायाधीश हिमाचल हाई कोर्ट जस्टिस अमजद ए सईद ने कहा की हिमाचल प्रदेश बहुत सुन्दर प्रदेश हैं। उनकी कोशिश होगी की पांच साल से लंबित केस को सॉल्व किया जाये। लोगों को न्याय दिया जाएगा। पिछड़े दबे-कुचले वर्ग को न्याय दिया जायेगा। सभी को घर-द्वार पर न्याय मिल सके इसके लिए कानूनी रूप से जागरूक किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने राजेश बिंदल, राज्यपाल आनंदीबेन ने दिलाई शपथ

इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री  ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की कानून-व्यवस्था अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। जस्टिस अमजद ए सईद ने विधिवत रूप से शपथ ग्रहण कर ली है, हम उनका हिमाचल में स्वागत करते हैं। हम उनके साथ  मिलजुल कर प्रदेश के लिए काम करेंगे।

21 जनवरी 1961 को जन्मे अमजद ए सईद ने वर्ष 1984 में बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वह बॉम्बे हाई कोर्ट में सहायक सरकारी वकील भी रहे। 25 मई को निवर्तमान हिमाचल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक 62 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त हुए थे। उसके बाद जस्टिस सबीना को हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

यह भी पढ़ें- सम्मेलन में बोले CJI, हमें रखना चाहिए ‘लक्ष्मण रेखा’ का ध्यान, ये कानून के अनुसार हो तो कभी भी शासन के रास्ते में नहीं आएगी न्यायपालिका