इंडोनेशिया में 7.4 की तीव्रता के भूकंप से तबाही, एक की मौत, कई घायल

भूकंप
भूकंप से मलबे में तब्दील हुई इमारत।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। इंडोनेशिया में कुदरत का कहर एक बार फिर खौफनाक मंजर लेकर आया है। गुरुवार तड़के मोलुका सागर में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप ने न केवल धरती को हिला दिया, बल्कि समुद्र में सुनामी की लहरें पैदा कर दीं। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भाग निकले। इस आपदा में फिलहाल एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

भूकंप ने उत्तरी सुलावेसी से लेकर मालुकु द्वीप तक भारी तबाही मचाई है। यह भूकंप दो अप्रैल को स्थानीय समय (UTC+05:30) के अनुसार भोर में 04:18:15 बजे मोलुक्का सागर के पास आया। भूकंप का केंद्र सुलावेसी और मालुकु द्वीपों के बीच स्थित मोलुका सागर में जमीन से महज 35 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई पर होने के कारण झटके बेहद घातक महसूस किए गए। उत्तरी सुलावेसी की राजधानी मनाडो में एक इमारत गिरने से उसके मलबे में दबकर एक शख्स की मौत हो गई। स्थानीय राहत एवं बचाव दल के अनुसार, कई लोग घायल हैं और इमारतों में दरारें आने की खबरें मिल रही हैं।

इंडोनेशिया की जियोलॉजिकल एजेंसी के मुताबिक, मुख्य झटके के बाद करीब 11 आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिनमें सबसे बड़ा झटका 5.5 तीव्रता का था। टरनेट के एक निवासी ने बताया कि झटके एक मिनट से भी ज्यादा समय तक महसूस किए गए। दहशत के कारण लोग घरों से बाहर भागे, जबकि मनाडो शहर में स्कूलों और दफ्तरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

भूकंप के फौरन बाद पैसेफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के लिए चेतावनी जारी की थी। समुद्र में करीब 75 सेंटीमीटर (2.5 फीट) ऊंची लहरें दर्ज की गईं, जिससे तटीय इलाकों में अफरा- तफरी मच गई। हालांकि दो घंटे बाद चेतावनी वापस ले ली गई और बताया गया कि सुनामी का खतरा अब टल चुका है। उत्तरी मिनाहासा और टरनेट जैसे क्षेत्रों में समुद्र के जलस्तर में हलचल देखी गई, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- नेपाल में भूकंप से कांपी धरती, दहशत में घरों से निकले लोग

भूकंप के तुरंत बाद केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में आने वाले इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के तटों पर विनाशकारी लहरें उठने की आशंका जताई गई है। विशेष रूप से इंडोनेशिया के उत्तरी मालुकु और उत्तरी सुलावेसी प्रांतों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। टेरनेट और टिडोरे की क्षेत्रीय सरकारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहें।

यह भी पढ़ें- फिलीपींस में आया भयंकर भूकंप, तेज झटके से लोग में दहशत, सुनामी का अलर्ट जारी