आरयू इंटरनेशनल डेस्क। नेपाल में गुरुवार को भूकंप से धरती कांपी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी है। अचानक आए भूकंप से लोग दहल उठे। जबकि दहशत में आए लोग अपने-अपने घरों से बाहर भागे और काफी देर बाद भी घर के अंदर जानें की हिम्मत नहीं जुटा सके।
राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (एनईएमआरसी) के अनुसार नेपाल के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित सुदूरपश्चिम प्रांत में आज सुबह आठ बजकर 32 मिनट पर भूकंप आया। भूकंप का केंद्र दार्चुला जिले के मुरई क्षेत्र के आस-पास बताया गया है। भूकंप के झटके पास के बैतड़ी और बझांग जिलों में भी महसूस किए गए। स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों ने पुष्टि की है कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण फिलहाल किसी भी इमारत के गिरने या किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें- भूकंप से हिली पाकिस्तान की जमीन, 3.9 रही तीव्रता
इससे पहले, नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में सोमवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार भूकंप सोमवार दोपहर एक बजकर 14 मिनट पर आया। इसका केंद्र बाझंग जिले के रायल क्षेत्र के पास जमीन के भीतर स्थित था। भूकंप के झटके इतने प्रभावी थे कि बाझंग के पड़ोसी जिलों बाजुरा और बैतड़ी में भी लोग दहशत में आ गए और खुले मैदानों की ओर भागने लगे।
नेपाल का सुदूरपश्चिम प्रांत पिछले कुछ दिनों से लगातार भूकंपीय गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले, 17 मार्च को भी इसी प्रांत के दार्चुला जिले (सीतौला क्षेत्र) में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था।




















