नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने अचानक दिया इस्तीफा, बताई ये वजह

सुदन गुरुंग
सुदन गुरुंग। (फाइल फोटो)

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। नेपाल की राजनीति में एक नया मामला सामने आया है। नई-नवेली बालेन शाह सरकार के गृहमंत्री सुदन गुरुंग एक महीना पूरा होने से पहले बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सुदन गुरुंग ने नैतिक जिम्मेदारी और अपनी संपत्तियों को लेकर उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच की जरूरत का हवाला देते हुए पद से त्यागपत्र दे दिया। साथ ही अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए एक फेसबुक पोस्ट में, सुदन गुरुंग ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक आलोचना गंभीरता से ली और पब्लिक लाइफ में नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए पद छोड़ने का ऑप्शन चुना है।

सुदन गुरुंग ने बताया, ‘मैं, सुदन गुरुंग, चैत्र 13, 2082 यानी 26 मार्च, 2026 से गृहमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन कर रहा हूं। हाल ही में, मैंने अपने शेयरों और उनसे जुड़े मामलों के बारे में नागरिकों की ओर से उठाए गए सवालों, टिप्पणियों और सार्वजनिक चिंताओं को बहुत गंभीरता से लिया है।’ ईमानदारी के महत्व पर जोर देते हुए सुदन गुरुंग ने कहा कि पद संभालने से पहले जनता का भरोसा सर्वोपरि होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए नैतिकता किसी भी पद से ज्यादा अहम है, और पब्लिक के विश्वास से बढ़कर कोई ताकत नहीं है। आज का जेनजी आंदोलन जो सुशासन-पारदर्शिता और जवाबदेही की डिमांड करता है। यही मैसेज देता है कि सार्वजनिक जीवन स्वच्छ होना चाहिए और लीडरशिप जवाबदेह होनी चाहिए।’

इस दौरान सुदन गुरुंग ने व्यापक सियासी संदर्भ और देश के अतीत में किए गए बलिदानों का भी जिक्र किया और कहा कि जब प्रश्न उठते हैं तो जवाबदेही जरूरी है। गुरुंग ने कहा, ‘जब मेरे 46 भाई-बहनों के खून और बलिदान पर बनी सरकार के खिलाफ प्रश्न उठते हैं, तो एकमात्र जवाब नैतिकता ही है।’

यह भी पढ़ें- JJP चीफ का विवादित बयान, भारत को बांग्लादेश-नेपाल जैसे आंदोलन की जरूरत, शासकों को दौड़ाकर होगा पीटना

बता दें कि इससे पहले नौ अप्रैल को नेपाली पीएम बालेन शाह ने अपने पार्टी की सिफारिश पर अनुशासनहीनता के आरोप में श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीपक कुमार साह को पद से हटा दिया था। प्रधानमंत्री सचिवालय ने कहा कि दीपक को पार्टी की तरफ से आचार संहिता और अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में हटाया गया है।

यह भी पढ़ें- 157 यात्रियों को लेकर नेपाल जा रही फ्लाइट को करना पड़ा लखनऊ डायवर्ट