मायावती ने कहा, महिला आरक्षण पर BSP का स्टैंड साफ, विधानसभा चुनाव पर फोकस करें कार्यकर्ता

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने महिला आरक्षण पर अपना रुख स्पष्ट रखते हुए कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह के भ्रम से बचने की हिदायत दी है।मायावती ने साफ किया है कि बसपा अपने स्टैंड पर कायम है कि वह किसी तरह का प्रदर्शन नहीं करेगी। साथ ही कहा कि बसपा को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए हैं।

मायावती ने कहा कि यूपी सहित पूरे देश में बसपा द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को लेकर स्थानीय स्तर पर पार्टी की बुलाई जा रही सभी इन बैठकों में महिला आरक्षण को लेकर अभी हाल ही में, मेरे द्वारा 15 अप्रैल को मीडिया में बसपा का जो स्टैंड लिया गया है, वह उसके बाद एक्स पर पोस्ट भी किया गया है और जरूरत पड़ने पर आगे भी बयान दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि महिला आरक्षण के समर्थन के मामले में अभी भी बसपा का स्टैंड वही है, इसमें कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। उसके बारे में भी इन बैठकों में जरूर बताना है ताकि महिला आरक्षण के इस खास मुद्दे पर बसपा के लोग गुमराह ना हो सकें, लेकिन इसके लिए पार्टी के अनुशासन के मुताबिक कोई भी धरना-प्रदर्शन आदि नहीं करना है।

बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को अपना आधिकारिक  ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश स्टेट के बीएसपी के सभी जिला अध्यक्ष एवं छोटे-बड़े पदाधिकारी व कार्यकर्तागण, आज मैं पार्टी के कार्यों से दिल्ली जा रही हूं और कार्य पूरा होते ही जल्दी वापस भी आ जाऊंगी। इस दौरान पार्टी की पिछले महीने 31 मार्च को लखनऊ में हुई यूपी प्रदेश स्तरीय बड़ी बैठक में पार्टी संगठन को तैयार करने व कैडर आदि के जरिए पार्टी का जनाधार बढ़ाने एवं आर्थिक मजबूती देने तथा यूपी विधानसभा आम चुनाव की तैयारी से संबंधित जो भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे, उस पर पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करते रहना है।

साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि बैठकों में यूपी में बीएसपी के नेतृत्व में रही सरकार में प्रदेश के विकास व जनहित आदि में किए गए कार्यों के बारे में जरूर बताना है। बैठकों में ये भी बताना है कि यूपी में अब तक जितने भी एक्सप्रेस-वे आदि बने हैं तथा नोएडा में एयरपोर्ट भी बना है, ऐसे अनेकों और भी जनहित के कार्य किए गए हैं, जिनकी योजना व रुपरेखा बीएसपी की रही सरकार में ही बनाई गई थी, और ये सभी कार्य काफी हद तक जरूर पूरे हो जाते यदि उस समय केंद्र की रही कांग्रेसी सरकार बीएसपी के प्रति अपनी जातिवादी मानसिकता के चलते इनमें रुकावटें पैदा नहीं करती।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण को लेकर मायावती ने कांग्रेस पर बोला हमला, सपा पर भी साधा निशाना

बसपा प्रमुख ने कहा कि यूपी के समुचित विकास व सर्वसमाज की उन्नति/तरक्की व बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए ’कानून द्वारा कानून का राज’ के जरिये बीएसपी के ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ शासन में ही यह संभव हो सकता है, जिस पर भी ध्यान देने की अपील। मायावती ने कहा कि इतना ही नहीं बल्कि लखनऊ में 22 फरवरी की यूपी को छोड़कर आल-इंडिया की हुई बड़ी बैठक में पार्टी व मूवमेन्ट के हित में जो भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे, तो उन्हें भी समय से जरूर पूरा करना है।

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल पर CM योगी ने कहा, ये देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय