यात्रियों को लेकर उड़ी इंडिगो की फ्लाइट में आई खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग

आरयू वेब टीम। इंदौर से रायपुर जा रहे विमान में मंगलवार को रवाना होने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी आ गई। इस पर विमान को वापस इंदौर लाकर लैंडिंग करवाई गई। विमान में 51 यात्री सवार थे, जो बुरी तरह से डर गए थे। जांच के बाद अधिकारियों ने इसे फॉल्स अलार्म बताया। इसके बाद भी सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को निरस्त करते हुए विमान की जांच की जा रही है। फ्लाइट निरस्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-7295) सुबह 6.35 बजे इंदौर से रायपुर के लिए रवाना हुई। आज ये फ्लाइट तय समय से सात मिनट पहले 6.28 बजे ही रवाना हो गई। 72 सीटर क्षमता वाले इस एटीआर विमान में 51 यात्री सवार थे। विमान इंदौर से सौ किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर चुका था और बडऩगर के करीब था, तभी पायलट को विमान के कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत मिले।

जिसके बाद इस विमान को तुरंत वापस इंदौर लाने के लिए इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया गया। एटीसी द्वारा विमान को वापस लाने की अनुमति देने के साथ ही एयरपोर्ट पर इसकी सूचना दी गई, जिससे सभी विभाग सक्रिय हो गए। विमान करीब 6.55 बजे वापस इंदौर में सुरक्षित लैंड हुआ। इस पर यात्रियों की जान में जान आई। विमान के लैंड होने के बाद एक्सपर्ट इंजीनियर्स की टीम द्वारा विमान की जांच की गई और कुछ ही देर बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और फ्लाइट को निरस्त करने की घोषणा कर दी गई।

यह भी पढ़ें- दिल्ली से 180 यात्री लेकर उड़ी इंडिगो की फ्लाइट रास्ते में खराब, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि पायलट को कॉकपिट में जो गड़बड़ी के संकेत मिले थे वो गलत थे और ये सिर्फ फॉल्स अलार्म था। विमान में प्रारंभिक जांच में जिस तरह की गड़बड़ी के संकेत मिले थे ऐसा कुछ नजर नहीं आया। हालांकि इसके बाद भी विमान की विस्तृत जांच की जा रही है, यह पता लगाने के लिए कि यह अलार्म क्यों नजर आया। विमान की जांच और इस फॉल्स अलार्म की गड़बड़ी को दूर करने के बाद ही विमान को रवाना किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, मचा हड़कंप