जैसलमेर में सेना के जवानों के साथ दिवाली मना PM मोदी की चीन-पाकिस्तान को चेतावनी, मिलेगा प्रचंड जवाब

जैसलमेर
टैंक पर सवारी करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जैसलमेर में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई। लोंगेवाला पोस्ट पहुंचे पीएम ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपके लिए हर भारतवासी की शुभकामनाएं और प्यार लेकर आया हूं। हर वरिष्ठजन का आशीष लेकर आया हूं। आप सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं। 2014 में पीएम बनने के बाद पहली बार दीपावली मनाने के लिए सियाचिन चला गया तो कई लोगों को आश्चर्य हुआ था। लेकिन, आप जानते हैं अगर दीपावली पर अपनों के बीच नहीं जाऊंगा तो कहां जाऊंगा। इसलिए आज भी अपनों के बीच आया हूं। आप बर्फीले पहाड़ियों में रहें या रेगिस्तान में। आपके चेहरों की रौनक देखकर मेरी दीपावली शुभ हो जाती है। इस दौरान पीएम नें टैंक की भी सवारी की और दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब भी कोई टेढ़ी नजर हमारी ओर उठाता है तो उसको उसी की भाषा में जवाब देने का जज्बा भारत के सैनिकों में है।

मोदी नेे कहा कि सीमाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही बिना नाम लिये चीन और पाकिस्तान को चेतावनी दी कि किसी ने आजमाने की कोशिश की तो प्रचंड जवाब मिलेगा। वहीं किसी एक पोस्ट का नाम अगर देश को और पीढ़ियों को याद होगा तो वह लोंगेवाला पोस्ट है। यहां गर्मियों में पारा 50 डिग्री, तो सर्दियों में शून्य पर पहुंच जाता है। सर्दियों में आप एक-दूसरे का चेहरा नहीं देख पाते। लोंगेवाला का नाम लेते ही मन की गहराई से आवाज आती है- जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल। लोंगेवाला की इस पोस्ट से देश की नजरें आप पर हैं।

ये भी कहा कि जब भी सैन्य इतिहास लिखा जाएगा तो बैटल ऑफ लोंगेवाला का नाम जरूर लिखा जाएगा। जब पाकिस्तान की सेना बांग्लादेशी (तब पूर्वी पाकिस्तान) लोगों को खत्म कर रही थी। वहां से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान ने हमारी पश्चिमी सीमा पर मोर्चा खोल दिया, लेकिन उनको लेने के देने पड़ गए। यहां के पराक्रम की गूंज ने पाकिस्तान के हौसले तोड़ दिए। उनको क्या पता था कि उनका सामना मां भारती के बेटों से होने वाला है। मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी ने दुश्मनों को धूल चटा दी। कभी-कभी मुझे लगता है कि कुलदीप के माता-पिता ने उनका नाम कुल का दीपक समझकर रखा था, लेकिन वो अपने पराक्रम से राष्ट्रदीप बन गए।

यह भी पढ़ें- PM मोदी का ऐलान, कोरोना वैक्‍सीन तैयार होते ही देश के हर नागरिक का किया जाएगा टीकाकरण

साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा लोंगेवाला का युद्ध हमारे शौर्य का प्रतीक तो है ही, यह वायु, थल और नौसेना के बेहतरीन समन्वय का भी प्रतीक है। इसने दुनिया के सामने मिसाल पेश की। लोंगेवाला की लड़ाई के 50 वर्ष होने जा रहे हैं। इस इतिहास को हम मनाने जा रहे हैं। आने वाली पीढ़ियां इससे प्रेरणा लेंगी। रेगिस्तान हो, पहाड़ियां हों या जल की गहराई, आपकी वीरता हर चुनौती पर भारी पड़ी है। आज रेगिस्तान में डटे हैं, तो आपको हिमालय की ऊंचाई का भी अनुभव है। आपका पराक्रम और शौर्य अतुलनीय है। दुश्मन भी जानता है कि भारत के जवानों की कोई बराबरी नहीं। आज 130 करोड़ देशवासी आपके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्हें अपने सैनिकों के शौर्य और अजेयता पर गर्व है। दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की रक्षा से न रोक सकती है और न टोक सकती है। भारत के पास आप जैसे वीर बेटे और बेटियां हैं। जब भी जरूरत पड़ी भारत ने दुनिया को दिखाया कि उसके पास ताकत भी है और राजनीतिक इच्छाशक्ति भी।

इतना ही नहीं भारत आतंकियों और उनके आकाओं को घर में घुसकर मारता है। दुनिया ये समझ रही है कि ये देश अपने हितों से रत्तीभर भी समझौता करने वाला नहीं है। ये आपकी शक्ति और पराक्रम की वजह से संभव है। आज दुनिया के मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है। विश्व आज विस्तारवादी शक्तियों से परेशान है। भारत इस 18वीं सदी की बुराई के खिलाफ संघर्ष कर रहा है। हम सैन्य आधुनिकीकरण कर रहे हैं। हम भारत में ही हथियार बनाएंगे। इसमें बहुत दम और साहस लगता है। मैं अपनी सेनाओं को इस फैसले के लिए बधाई दे रहा हूं। देश में मैसेज गया कि लोकल के लिए वोकल होना है।

हमारा लक्ष्य है- सरहद पर शांति। रणनीति साफ है- आज का भारत समझने और समझाने की रणनीति पर भरोसा करता है। लेकिन, अगर हमें आजमाने की कोशिश की तो जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलेगा। देश की अखंडता देशवासियों की एकता पर निर्भर करती है। सेना का हौसला और आत्मबल ऊंचा रहे इसलिए यही हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना के जवानों को मिठाईयां खिलाकर दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं

यह भी पढ़ें- भारत-चीन विवाद के बीच लद्दाख पहुंचे प्रधानमंत्री, सैनिकों से बात कर बढ़ाया हौसला