आरयू ब्यूरो, लखनऊ/जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बक्शा थाना क्षेत्र के शंभूगंज के समीप तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बस में कुल 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के मुताबिक प्राइवेट बस (नं. UP 62 T 5814) शुक्रवार सुबह 9:45 यात्रियों को लेकर बदलापुर से
जौनपुर शहर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस लखौवां ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे 731 पर पहुंची ओवर स्पीड बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। अंदर फंसे यात्रियों की चीखें सुनकर आस-पास के ग्रामीण दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने खिड़कियां तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। कई सवारियों को गंभीर चोटें आईं।
वहीं बक्सा पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नौपेडवा सीएचसी और जिला अस्पताल जौनपुर भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- द्वारका जा रही बस खाई में गिरी, सात श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल
इस संबंध में एसपी डॉ. कौस्तुभ कुमार ने मीडिया को बताया कि घटना की जानकारी सुबह 9:45 बजे मिली। मौके पर पहुंचकर बस को हटवा कर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। साथ पुष्टि की कि हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हुई है और 15 घायल हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है। वहीं शुरुआती जांच में हादसे का कारण स्टेयरिंग फेल होना प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। ड्राइवर व अन्य कर्ममियों से पूछताछ की जा रही है।