उपेंद्र कुशवाहा का नीतीश कुमार से मोहभंग, JDU से इस्तीफा देकर बनाई नई पार्टी

उपेंद्र कुशवाहा
प्रेसवार्ता में बोलते उपेंद्र कुशवाहा।

आरयू वेब टीम। जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार का साथ छोड़ दिया है। जेडीयू से इस्तीफा देने के साथ ही उन्होंने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। नई पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनता दल है। इसके अध्यक्ष खुद उपेंद्र कुशवाहा होंगे।

प्रेसवार्ता कर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वे आज से नई पार्टी की शुरूआत कर रहे हैं। कल हुई मीटिंग में जेडीयू से अलग होने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि जेडीयू में शामिल होने के कुछ दिन बाद नीतीश कुमार ने अच्छा किया, लेकिन अंत में जिस रास्ते पर उन्होंने चलना शुरू किया वह उनके लिए बुरा है। साथ ही कहा कि जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और जल्द ही विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।

उन्होंने ने कहा कि अब जेडीयू बर्बाद हो रही है। कर्पूरी ठाकुर की विरासत को बचाने के लिए अब नई पार्टी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के आस-पास के लोगों को कर्पूरी ठाकुर की विरासत से कोई लेना देना नही है और इसमे कुछ दोष नीतीश कुमार का भी है। नीतीश कुमार को जिन्होंने मजबूती दी उन्हें उन्होंने आगे नही बढ़ाया। उपेंद्र कुशवाह का चेहरा पसंद नही है तो कोई और को अपने घर से ले आते लेकिन अब वे परोसी के घर झांक रहे हैं। नीतीश के आस पास के लोग उन्हे बर्बाद कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार का पलटवार, मर जाना कबूल पर भाजपा के साथ जाना नहीं

कुशवाहा ने कहा कि अब नीतीश कुमार खुद से कोई निर्णय नही ले पाते हैं। किसी के कहने पर अब निर्णय लेते हैं। उनके आसपास के लोग जिससे वे घिरे हुए हैं उनके अनुसार नीतीश कुमार चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूरी को देखते हुए गठबंधन की मजबूरी को भी सलाह के साथ स्वीकार किया। मैंने सलाह दी थी कि नेतृत्व आप अपने पास रखेंगे, लेकिन बाद में घोषणा कर दी नीतीश कुमार ने कि आगे का नेतृत्व तेजस्वी यादव करेंगे।

ऐसे में अब अपना राजनैतिक धर्म और कर्तव्य समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जाना हो चले जाये। मैंने कहा था कि ऐसे कैसे चले जायेंगे अपना हिस्सा लेंगे, लेकिन जब नीतीश जी ने जायदाद ही गिरवी रख दी अब उनसे क्या हिस्सा मांगे, उनके पास कुछ बचा नही है।

यह भी पढ़ें- राजधानी पहुंचे लालू यादव ने कहा, विपक्ष एकजुट करने के कर रहें सभी प्रयास, बिहार में सरकार जाने से बौखलाए हैं अमित शाह