आरयू ब्यूरो, लखनऊ। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शुक्रवार को एडवाइजरी जारी की है। लखनऊ में जारी इस एडवाइजरी में मुसलमानों से अपील की गई है कि कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई, कानून और सामाजिक संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए।
मौलाना खालिद रशीद ने अपील कि ईद-उल-अजहा पर केवल उन्हीं जानवरों की कुर्बानी की जाए जिन पर किसी प्रकार की कानूनी पाबंदी न हो। साथ ही अपील की कि कुर्बानी करते समय न कोई फोटो खींची जाए न कोई वीडियो लिया जाए न उसको सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए और कुर्बानी खुले स्थान, सड़क, गली या सार्वजनिक जगहों पर न करने की हिदायत दी गई है।
इसके अलावा मौलाना खालिद ने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी सड़कों पर नमाज अदा न की जाए। बल्कि
ईदगाहों और मस्जिदों के अंदर ही नमाज पढ़ी जाए। साथ ही अपील की कि साफ-सफाई को लेकर भी विशेष जोर दिया जाये। एडवाइजरी में कहा गया है कि जानवरों की गंदगी सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकी जाए और नगर निगम के कूड़ेदानों का इस्तेमाल करें जानवरों का खून नालियों में बहाने से बचने और उसे जमीन में दफन करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- जुमे की नमाज में देश और सेना की सलामती के लिए मांगी गई दुआ, फरंगी महली ने कहा मुसलमानों ने हमेशा दी कुर्बानियां
इतना ही नहीं एडवाइजरी में ये भी कहा गया है कि गोश्त को अच्छी तरह पैक कर जरूरतमंदों में बांटा जाए तथा उसका एक तिहाई हिस्सा गरीबों को जरूर दिया जाए। नमाज के बाद सख्त गर्मी से राहत, अपने घर वालों के साथ-साथ देश में अमन व शांति और बार्डर पर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों की हिफाजत के लिये विशेष दुआयें की जाएं।
यह भी पढ़ें- खामनेई की मौत पर लखनऊ में प्रदर्शन, तीन दिन शोक का ऐलान
