खेत में क्रैश हुआ प्राइवेट जेट, दोनों पायलट घायल

जेट क्रैश
क्रैश में क्षतिग्रस्त हुआ विमान।

आरयू वेब टीम। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रेड बर्ड प्राइवेट जेट क्रैश हो गया है। हादसा मैंगलोर गांव के पास हुआ, जिसमें पायलट और ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज जांच शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक विजयपुरा जिले के बालेश्वर तालुका के मैंगलौर गांव के पास रविवार दोपहर एक जेट  विमान हवा में डगमगाने लगा। पायलट ने विमान को संभालने की कोशिश की, लेकिन मैंगलोर के पास ही खेत में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि ईंधन की कमी के कारण ये हादसा हुआ है। वहीं रेड बर्ड एविएशन की ओर से भी कोई बयान नहीं आया है। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान पायलट और ट्रेनी पायलट के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- लैंडिंग के दौरान चार्टर्ड प्लेन क्रैश, पायलट समेत छह घायल

रेडबर्ड एविएशन भारत में स्थित एक प्रमुख फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी है। ये सेसना 172 टैंगो चार्ली प्राइवेट जेट से फ्लाइट ट्रेनिंग देता है, जो प्रशिक्षण के लिए विश्व स्तरीय विमानों का उपयोग करती है। यह अकादमी बारामती, बेलगावी और सियोनी में अपने बेस से पायलट प्रशिक्षण प्रदान करती है। बताया जाता है कि सेसना 172 एसपी में एक बेसिक ऑटोपायलट होता है जिसका उपयोग किसी निश्चित दिशा में उड़ान भरने, वीओआर या आईएलएस को कैप्चर करने या वर्तमान ऊंचाई को कैप्चर और बनाए रखने आदि के लिए किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- गंगोत्री के पास क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर, छह श्रद्धालुओं की मौत