आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणसी। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के लखनऊ आह्वान के बाद अब यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। केशव मौर्या ने कहा कि “जगतगुरु शंकराचार्य जी महाराज यदि लखनऊ आते हैं तो एक राम भक्त होने के नाते उनका स्वागत करेंगे।”
वहीं उपमुख्यमंत्री ने गौ रक्षा पर पूछे गए सवाल पर कहा कि यूपी में गौ-माता को राज्य माता का दर्जा देने की जहां तक बात है इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यूपी में गौ-रक्षा के सवाल पर कहा कि किसी गौ तस्कर की औकात नहीं है कि गाय को हाथ भी लगा दे।दरअसल केशव मौर्या सोमवार को वाराणसी दौरे पर थे, जहां उन्होंने ये बयान पत्रकारों से बातचीत में दिया।
यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दी योगी आदित्यनाथ को बड़ी चुनौती, यूपी में हो रही गोहत्या पर 40 दिन में रोक लगा खुद को साबित करें हिंदू प्रेमी
इसके अलावा उन्होंने विपक्ष और खासकर अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। हालिया घटनाओं में समाजवादी पार्टी व अखिलेश यादव द्वारा शंकराचार्य का समर्थन करने पर डिप्टी सीएम ने उन्हें ढोंगी बताया, और कहा, “अखिलेश यादव एक ढोंगी व्यक्ति हैं वे राम भक्तों पर कृष्ण भक्तों पर और शिव भक्तों पर अत्याचार करते हैं, मुस्लिम तुष्टिकरण करते हैं। शंकराचार्य के पक्ष में बोलते हैं तब समझ लीजिए वह हिंदुओं का वोट लेने के लिए ढोंग कर रहे हैं।




















