आरयू वेब टीम। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के महाराष्ट्र और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दिए गए बयान पर सियासी हलचल तेज है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने राहुल गांधी के साथ ही अखिलेश यादव पर तंज कसा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला कर रहे हैं। दोनों ही सत्ता वियोग से बौखलाए हुए हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “राहुल गांधी अपने कपार पर संविधान रखकर पूरी दुनिया में ‘छुट्टा’ घूम रहे हैं। साथ ही वह संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला करने का ‘दुस्साहस’ भी कर रहे हैं। उनके लिए या तो संविधान एक किताब है या फिर उनका संविधान प्रेम महज एक ‘मुखौटा’।”
इसके अलावा केशव मौर्या ने दूसरे पोस्ट में कहा कि “कांग्रेस मुक्त भारत की गारंटी बने राहुल गांधी, पिछड़ों-दलितों के स्वाभाविक विरोधी अखिलेश यादव, दोनों ही सत्ता वियोग से बौखलाए हुए हैं। अब तो उन्हें हर सपना भी नरेंद्र मोदी का ही दिखता है। मोदी फोबिया चरम पर!”
यह भी पढ़ें- केशव मौर्या का अखिलेश पर निशाना, 2027 में सपा का सियासी समापन तय
बता दें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘‘लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट’’ था। उन्होंने कहा कि यह ‘‘मैच फिक्सिंग’’ अब बिहार में भी दोहराई जाएगी और फिर उन जगहों पर भी ऐसा ही किया जाएगा, जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी हार रही होगी। “ये समझना बिल्कुल मुश्किल नहीं है कि महाराष्ट्र में भाजपा इतनी बौखलाई हुई क्यों थी। चुनाव में धांधली भी मैच फिक्सिंग की तरह होती है, जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाए, लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है।”
यह भी पढ़ें- परिवारवाद-तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले कभी नहीं कर सकते जनता का भला: केशव मौर्या