आरयू वेब टीम। देश में विमानों में आ रही तकनीकी खराबी व इमरजेंसी लैंडिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अहमदाबाद हादसे के बाद से देश में विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग के मामलों में और भी इजाफा हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई 2006 में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिससे सभी यात्री सहम गए।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट में चालक दल के सदस्यों समेत करीब 180 लोग सवार थे। गुरुवार फ्लाइट ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी। लेह पहुंचने से कुछ देर पहले तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। विमान लेह पहुंचने के कुछ ही देर बाद वापस लौट आया और सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतर गया। फिलहाल आधिकारिक तौर पर उस तकनीकी खराबी की जानकारी सामने नहीं आई है।
दूसरी ओर गुरुवार को स्पाइसजेट की हैदराबाद-तिरुपति उड़ान को तकनीकी कारणों के चलते उड़ान भरने के बाद वापस हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराना पड़ा। यह विमान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के दौरान एएफटी बैगेज डोर लाइट में रुक-रुक कर संकेत मिलने लगे, हालांकि पूरे समय विमान के केबिन में दबाव सामान्य बना रहा।
वहीं बुधवार को इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। फ्लाइट 6ई 6101 भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होनी थी, हालांकि उड़ान भरने से कुछ मिनट पहले फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसका कारण भी विमान में तकनीकी खराबी बताया गया। इससे पहले दो जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया था, जिसके कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, इमरजेंसी लैंडिंग करते समय पीछे का हिस्सा टूटा
ये पटना से कोलकाता वाया रांची की फ्लाइट करीब तीन-चार हजार फीट की ऊंचाई पर थी। उसी समय एक गिद्ध उससे टकराया। टक्कर के बाद विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा। इंडिगो की इस फ्लाइट में क्रू मेंबर्स समेत 175 यात्री सवार थे। पक्षी से टक्कर के बाद यात्री दहशत में थे। विमान के क्रू मेंबर ने उन्हें भरोसा दिलाया। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन की रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंडिंग कराई।
इसके अलावा रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पक्षियों की वजह से विमान के उड़ान में बाधा में ये कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली-रांची एयर इंडिया एक्सप्रेस (आईएक्स 116) के विंग में कबूतर फंस जाने के कारण खराबी आई थी। लैंडिंग के बाद तकनीकी खराबी का पता चला था।



















