गैस सिलेंडर संकट पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, ‘कोई और नहीं, सरकार फैला रही अफवाह’

अखिलेश यादव
मीडिया से बात करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गैस सिलेंडर की किल्‍लत पर योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गैस लापता हो गई। सपा नेता ने कहा कि अगर कोई अफवाह फैला रहा है, तो वह सरकार है। अगर सरकार ये मान ले कि गैस की कमी है, तो जनता भी सहयोग करेगी, लेकिन सरकार का दावा है कि कहीं कोई कमी नहीं है और गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा कि हकीकत ये है कि गैस तो जैसे गायब ही हो गई है। हर शहर नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी में सिलेंडरों के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। शायद ही कोई ऐसा जिला बचा हो, जहां लोग लंबी लाइनों में खड़े न हों। आखिरकार इस स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है। अफवाह सरकार ने फैलाई कि इतने दिन बाद बुकिंग कर सकते हैं। ऑनलाइन में बुकिंग के दौरान दिक्कत है, ऑनलाइन गैस बुक नहीं कर सकते।

साथ ही कहा कि ये दौर सोशल मीडिया का है, संकट को आप छिपा नहीं सकते। गैस संकट की वजह से रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं। लोगों की शादियां रुक रही हैं। अगर दिक्कत ज्यादा बढ़ी तो लोग खाना कैसे बनाएंगे। रेहड़ी-पटरी वाले कैसे काम करेंगे। चाट वाले अब चाट भी नहीं बना पाएंगे।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने कहा, यूपी में पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई

वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के नोटिस पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम और हमारी पार्टी इसका समर्थन करती है, क्योंकि चुनाव आयोग हमारी बात नहीं सुन रहा है। यूपी में हमारे कैमरों ने वे सब रिकॉर्ड किया है जो कुछ भी हुआ। उपचुनाव को लूट लिया गया। उस समय चुनाव आयोग क्या कर रहा था। हम लोकसभा में इस मुद्दे को उठाएंगे।

यह भी पढ़ें गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, घरेलू सिलेंडर 60 व कमर्शियल 114 रुपये हुआ महंगा