लखनऊ मंडल प्रशासन का फैसला, लखनऊ होकर मुंबई के लिए दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का 20 मई से संचालन

रेलवे का ऑफर

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुंबई रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मंडल प्रशासन ने दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। ये ट्रेनें सुल्तानपुर और वाराणसी से चलकर लखनऊ होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) तक जाएंगी। इनका संचालन 20 मई 2026 से शुरू होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 04212 सुल्तानपुर- एलटीटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 20 मई से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को चलाई जाएगी। ये ट्रेन सुबह चार बजे सुल्तानपुर से रवाना होकर सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद कानपुर, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और ठाणे जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए दोपहर 12:20 बजे एलटीटी पहुंचेगी।

वापसी में 04211 ट्रेन 21 मई से 16 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को एलटीटी से दोपहर 2:35 बजे चलेगी और रात 8:50 बजे लखनऊ होते हुए रात 11:00 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी। इसी क्रम में 04226 वाराणसी- एलटीटी आरक्षित स्पेशल ट्रेन 21 मई से नौ जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को चलाई जाएगी।

ये ट्रेन रात 1:35 बजे वाराणसी से चलकर जौनपुर और सुल्तानपुर होते हुए सुबह 6:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद कानपुर, झांसी, इटारसी, भुसावल, नासिक और ठाणे के रास्ते दोपहर 12:20 बजे एलटीटी पहुंचेगी। वापसी में 04225 ट्रेन 22 मई से दस जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को एलटीटी से दोपहर 2:35 बजे चलकर रात 8:50 बजे लखनऊ और देर रात 2:05 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें रेलवे ने दिया यात्रियों को बड़ा झटका, ट्रेन का टिकट कैंसिल करने पर नहीं मिलेगा रिफंड, अगर

दोनों ट्रेनों में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 14 थर्ड एसी इकोनॉमी कोच और चार सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई के लिए सीधी और अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ मंडल में पटरी सुधार के चलते कई ट्रेनों का बदला रूट