आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के लुलु मॉल पर इनकम टैक्स ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक लुलु मॉल का अकाउंट सीज कर दिया गया है। ये कार्रवाई 27 करोड़ की इनकम पर टैक्स जमा न करने की वजह से की गई है। जांच के दौरान कर देनदारी और लेनदेन से जुड़े कई दस्तावेजों की समीक्षा की गई, जिसमें कर चोरी के संकेत मिले।
आयकर विभाग का कहना है कि बकाया कर राशि को लेकर कंपनी को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद विभाग ने कानून के तहत बैंक खाता फ्रीज करने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि लुलु मॉल का अकाउंट बैंक ऑफ बड़ौदा में है। 2025 के ट्रांजैक्शन की जांच के दौरान करोड़ों की टैक्स की बात सामने आई, जिसके बाद इनकम टैक्स ने बैंक अकाउंट को सीज कर दिया। इनकम टैक्स की इस कार्रवाई से लुलु मॉल में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के लुलु मॉल पर इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन, अकाउंट सीज
शहीद पथ स्थित लुलु मॉल की शुरुआत के साथ ही इसका नाम अक्सर विवादों में रहा। 2022 में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद हलाला मीट से लेकर धर्मांतरण तक में नाम सामने आया। इसी साल जुलाई में कैश सुपरवाइजर ने महिला सहकर्मी को नशीली दवा खिलाकर उसके साथ रेप किया और बाद में उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। इस मामले में सुपरवाइजर को तो गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन हिंदू संगठनों में जबरदस्त आक्रोश भी देखने को मिला था।




















